Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar NewsSDM Issues Charges Against Lekhpal for False Report on Barren Land in Kushinagar
भ्रामक रिपोर्ट पर एसडीएम ने लेखपाल से तलब किया जबाब

भ्रामक रिपोर्ट पर एसडीएम ने लेखपाल से तलब किया जबाब

संक्षेप:

Kushinagar News - कुशीनगर के तमकुहीराज तहसील के पखिहवा गांव में बंजर भूमि के मामले में एसडीएम ने हल्का लेखपाल खालिद के खिलाफ पांच बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी किया है। आरोप है कि उन्होंने फर्जी आवासीय पट्टा जारी कर भ्रामक रिपोर्ट न्यायालय में पेश की। एसडीएम ने संतोषजनक स्पष्टीकरण देने के लिए 15 दिन का समय दिया है।

Jan 29, 2026 09:46 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share Share
Follow Us on

कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के पखिहवा उर्फ करजहां गांव में बंजर की भूमि के मामले में गलत व भ्रामक रिपोर्ट देने के मामले में एसडीएम ने हल्का लेखपाल के खिलाफ पांच बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी कर जबाब तलब किया है। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि मामले में 15 दिन के अंदर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देने की दशा में प्रभावी कारवाई की जाएगी। एसडीएम के सख्त रुख को देखते हुए लापरवाह राजस्वकर्मियों में हड़कंप की स्थिति है। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के पखिहवा उर्फ करजहां गांव में बंजर खाते की भूमि है। इस भूमि पर कब्जा की शिकायत करते हुए बेदखली के तहत तहसीलदार न्यायालय में वाद दाखिल है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसमें आरोप है कि उक्त वाद से बचने के लिए आरोपी कब्जाधारी ने विवादित भूमि पर स्वयं व अपने पत्नी के नाम से आवासीय पट्टा जारी किए जाने का प्रपत्र दाखिल किया है। मामले में तत्कालीन हल्का लेखपाल खालिद ने कब्जाधारी के पक्ष में आवासीय पट्टा जारी होने की आख्या रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल किया है। इस संदर्भ में वादी ने आरोपी पर फर्जी आवासीय पट्टा का प्रपत्र लगाने व तत्कालीन लेखपाल द्वारा फर्जी तथा भ्रामक आख्या रिपोर्ट कब्जाधारी के पक्ष में देने का आरोप लगाया है। इस मामले में सोशल मीडिया की खबरों का संज्ञान लेकर एसडीएम आकांक्षा मिश्र ने लगभग एक सप्ताह पूर्व नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा को स्थलीय निरीक्षण कर मामले की गहनता से जांच करने का निर्देश दिया था। नायब तहसीलदार की जांच में आवासीय पट्टा फर्जी पाये जाने व लेखपाल द्वारा भ्रामक आख्या रिपोर्ट प्रेषित होने का मामला संज्ञान में आया, जिसको लेकर बुधवार को एसडीएम ने हल्का लेखपाल खालिद के खिलाफ पांच बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी कर जबाब तलब किया। आरोप पत्र में सरकारी कर्मचारी आचरण उल्लंघन नियमावली का दोषी मानते हुए उनसे 15 दिवस के अंदर संतोषजनक स्पष्टीकरण की मांग की गई है। इस संबंध में एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि हल्का लेखपाल खालिद के खिलाफ पांच बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी कर जबाब तलब किया गया है, ज़बाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।