
गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों से बढ़ी दुर्घटना की आशंका
Kushinagar News - कुशीनगर में गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। घने कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से यह खतरा और बढ़ सकता है। प्रशासन को बिजली के झूलते तारों की मरम्मत और रिफ्लेक्टर लगाने की सलाह दी गई है।
कुशीनगर। चीनी मिलों में गन्ना का पेराई सत्र शुरू हो गया है, जहां गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रालियां पहुंचने लगी हैं। उन ट्रालियों में अधिकतर के पीछे लाल रंग की रेडियम पट्टी या लाइट न लगे होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। घना कोहरा पड़ने पर खतरा और बढ़ जाएगा। गन्ना का पेराई सत्र शुरू हो चुका है। पिपराइच, रामकोला, ढाढ़ा, सिसवा बाजार, खड्डा आदि चीनी मिलों के क्रय केंद्र से गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों से गन्ना की ढुलाई होने लगी है। इनमें ज्यादातर ट्रैक्टर के साथ बड़े-बड़े ट्राला का उपयोग किया जा रहा है। क्षेत्र में सुबह-शाम कोहरा गिरने से वाहन स्पष्ट रूप से नहीं दिख रहे, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

इसके अलावा मुख्य सड़क और संपर्क मार्गों में कई जगह ढीले व नीचे तक झूलते तारों के इन गन्ना लदे वाहनों में फंसकर टूटने का अंदेशा बढ़ गया है। क्षेत्र के बरवां रतनपुर, नौगावां, बेलवा, बिहारी छपरा, सिरसिया बुजुर्ग, रायपुर ख़ास, मड़ार बिंदवलिया, देवतहा बाली आदि गांवों के तौल केंद्रों से गन्ना लदा वाहनों की आवाजाही हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। क्षेत्र के हरिराम पांडेय, सुनील तिवारी, संतोष सिंह, गोविंद गुप्ता, दुर्गेश, सुरेंद्र आदि का कहना है कि सबसे ज्यादा खतरा ओवरलोड गन्ना लदे वाहनों व बिजली के झूलते तारों से है। प्रशासन को चाहिए कि तारों की मरम्मत कराएं। क्षेत्र के कोटवा से घुघली, नौरंगिया से कप्तानगंज, सेखुई से बेलवा, बरवा रतनपुर से बेलवा संपर्क मार्ग, पडरौना से झुलनीपुर आदि मार्गों पर गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों की आवाजाही देर रात व सुबह-शाम में देखी जा सकती है। जाड़े में कोहरे की वजह से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें गन्ना लदे वाहनों पर आगे-पीछे रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। सत्यप्रकाश सिंह, यातायात निरीक्षक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




