मोबाइल की दुकान में हुई चोरी का नहीं हुआ खुलासा, आक्रोश

Jan 17, 2026 09:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share Share
Follow Us on

Kushinagar News - कुशीनगर के नौरंगिया तिराहा में एक मोबाइल दुकान से 18 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। दुकान के मालिक रजनीश ओझा ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन दस दिन बाद भी चोरों का पता नहीं चल सका है। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में भय और आक्रोश फैलाया है।

मोबाइल की दुकान में हुई चोरी का नहीं हुआ खुलासा, आक्रोश

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया तिराहा स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई करीब 18 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। घटना के दस दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे क्षेत्रीय व्यापारियों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। नौरंगिया गांव निवासी रजनीश ओझा उर्फ लकी पुत्र नथुनी ओझा नौरंगिया तिराहा पर लकी मोबाइल केयर नाम से दुकान संचालित करता है। पीड़ित दुकानदार रोज़ की तरह पांच जनवरी सोमवार की शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चला गया था।

छह जनवरी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जब दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा हुआ था और शटर करीब दो फीट उठा हुआ मिला। दुकान के अंदर का दृश्य देख दुकानदार के होश उड़ गए। विभिन्न नामी कंपनियों के लगभग 100 कीमती मोबाइल फोन गायब थे। पीड़ित के अनुसार चोरी गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 18 लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो अज्ञात चोर बोरी में मोबाइल भरकर फरार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर जांच शुरू की गई। चोरी के खुलासे के लिए तीन टीम भी लगी थी। हालांकि, घटना के दस दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। इससे नाराज पीड़ित दुकानदार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर चोरी के शीघ्र खुलासे की गुहार लगाई है। पीड़ित ने बताया कि उसने बैंक व अन्य माध्यमों से कर्ज लेकर दुकान शुरू की थी और चोरी के बाद वह गंभीर मानसिक तनाव में है। चोरी की इस घटना से नौरंगिया तिराहा समेत आसपास के व्यापारियों में भारी दहशत व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।