छात्राओं की शिकायत पर शिक्षक समेत सात मजनू गिरफ्तार
Kushinagar News - पडरौना में एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने मिशन शक्ति के तहत छात्राओं के साथ संवाद कर शोहदों की पहचान की। 6 टीमों ने कार्रवाई करते हुए 7 शोहदों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक शिक्षक भी शामिल है। छात्राओं ने...

पडरौना, निज संवाददाता। मिशन शक्ति एवं आपरेशन मजनू के तहत पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने एक दिन पूर्व उदित नरायण इंटरकालेज पडरौना में विशेष जागरुकता अभियान चलाया था। कार्यक्रम में छात्राओं से वन टू वन संवाद करके एसपी ने इस इलाके में सक्रिय शोहदों के बारे में जानकारी हासिल की थी। छात्राओं ने गोपनीय शिकायत दर्ज कराई थी। एसपी ने त्वरित कार्रवाई के लिये छह टीमों (सादे वस्त्रों में) का गठन किया था। टीमों ने सात शोहदों को पकड़ कर सख्त कार्रवाई की है। इनमें एक शिक्षक भी शामिल है। छात्राओं ने संवाद में बताया था कि कुछ लोग स्कूल व कोचिंग आते-जाते समय छींटाकशी और कमेंटबाजी करते हैं।
यह लोग सोशल मीडिया के माध्यम से गलत फोटो व मैसेज करते थे तथा तंग करते हैं। एसपी ने बताया कि छात्राएं संकोच और भय के कारण वह पहले शिकायत करने से हिचकती थी। संवाद के बाद छात्राओं ने अपनी शिकायतें साझा की। पुलिस ने एक शिक्षक समेत 18 से 52 साल तक के सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें इरफान अंसारी पुत्र हजरत अंसारी निवासी खिरिया टोला पडरौना, आकाश मद्धेशिया पुत्र स्व. गिरजा शंकर मद्धेशिया निवासी गुदरी बाजार, कान्हा जायसवाल पुत्र राजन जायसवाल निवासी सोनारी गली नेहरू नगर, कृष्णा खरवार पुत्र शम्भू खरवार निवासी सुसवलिया, पंकज चौहान पुत्र रोशन चौहान निवासी बडहरागंज, कृष्णा भारती पुत्र विजयी भारती निवासी सुसवलिया तथा 52 साल के राकेश मणि त्रिपाठी निवासी बांसपार बुजुर्ग थाना बैतालपुर जनपद देवरिया शामिल हैं। एसपी ने बताया कि आपरेशन मजनू के तहत पिछले एक सितंबर को 124 बदमाश लड़कों समेत कुल 215 शोहदों को पकड़कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के इस कार्य की प्रधानाचार्य समेत अभिभावकों ने सराहना की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




