बजट के अभाव में 77 हजार लाभार्थियों की रुकी वृद्धापेंशन
कुशीनगर में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत बजट संकट के कारण 77 हजार बुजुर्गों की पेंशन रुक गई है। पेंशन न मिलने से बुजुर्ग बैंक और समाज कल्याण विभाग के कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। विभाग के अनुसार, मार्च तक 81 हजार लाभार्थियों को पेंशन भेजी गई थी, जबकि बाकी का भुगतान अब तक नहीं हो सका है।

कुशीनगर। निज संवाददाता वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत हजारों बुजुर्गों को इस बार बजट संकट का सामना करना पड़ रहा है। बजट के अभाव में करीब 77 हजार लाभार्थियों की पेंशन रुक गई है। पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्ग बैंक और समाज कल्याण विभाग के कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
वर्तमान स्थिति
जिले में वर्तमान समय में वृद्धावस्था पेंशन योजना के कुल लाभार्थियों की संख्या 1.59 लाख से अधिक है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार मार्च माह तक करीब 81 हजार लाभार्थियों के खाते में पेंशन की धनराशि भेजी जा चुकी है, जबकि शेष करीब 77 हजार लाभार्थियों को अब तक भुगतान नहीं हो सका है। विभाग के अनुसार हर तीन महीने पर पेंशन की रकम खाते में भेजी जाती है। मार्च महीने में 81 हजार के खातों में रकम भेज दी गयी थी। बताया जा रहा है कि नए वित्तीय वर्ष में करीब 24 हजार नए लाभार्थियों के नाम भी योजना में जोड़े गए हैं। इससे विभाग पर अतिरिक्त वित्तीय भार बढ़ गया है। पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। पेंशन नहीं मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लाभार्थी रोजाना बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन खाते में धनराशि न आने से मायूस लौट रहे हैं। वहीं कुछ लोग समाज कल्याण विभाग पहुंचकर जानकारी लेने में जुटे हैं।
विभाग की प्रतिक्रिया
जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव का कहना है कि शासन स्तर से बजट भेजा जाता है, जो हम लोगों के हाथ में नहीं है। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों से बात करने पर बताया गया है कि शेष लाभार्थियों के खातों में मई- जून तक धनराशि भेज दी जाएगी। विभाग के मुताबिक लाभार्थियों की संख्या बढ़ने के कारण इस बार बजट का दबाव अधिक है। वृद्धावस्था पेंशन पर आश्रित बुजुर्ग रामावरीश, ध्रुव तिवारी, मालती देवी, प्रभुनाथ आदि का कहना है कि पेंशन की राशि से ही दवा, राशन और दैनिक जरूरतें पूरी होती हैं। समय पर भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


