हाटा ब्लॉक में आवंटित 119 आवास में महज 47 ही पूरे मिले
हाटा, हिन्दुस्तान संवाद। संयुक्त विकास आयुक्त गोरखपुर मंडल ओमप्रकाश आर्य ने हाटा ब्लॉक मुख्यालय...

हाटा, हिन्दुस्तान संवाद।
संयुक्त विकास आयुक्त गोरखपुर मंडल ओमप्रकाश आर्य ने हाटा ब्लॉक मुख्यालय में पहुंचकर शासन की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2022-23 में ब्लॉक में आवंटित 119 आवासों में 47 के ही पूर्ण होने पर नाराजगी व्यक्त किया।
हाटा ब्लॉक में पहुंचे संयुक्त विकास आयुक्त गोरखपुर मंडल ओमप्रकाश आर्य विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देखी। इसमें कमियां पाये जाने पर बीडीओ सुधा पांडेय को निर्देशित किया कि सेक्टर प्रभारियों को भेजकर आवासों को पूर्ण कराने के लिए लाभार्थियों को जागरूक करें। जांच में 2023-24 में आवंटित विकास खंड के 12 आवास अपूर्ण मिले। मनरेगा के कार्यों की समीक्षा में ब्लॉक के सिर्फ 7 जाब कार्ड धारकों को ही 100 दिन का रोजगार मिला था।
संयुक्त विकास आयुक्त ने निर्देशित किया कि जिन मजदूरों को अब तक 90 दिन का रोजगार मिल चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देकर 100 दिन के लक्ष्य को पूरा कराया जाये। संयुक्त विकास आयुक्त को दो गावों में पहुंचकर भौतिक सत्यापन करने का भी कार्यक्रम था, लेकिन वह गांव में नहीं गये। इस दौरान एडीओ पंचायत रामअशीष, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, पंचायत सचिव किसन राय, मनोज शुक्ल, रितेश सिंह ,विश्वजीत सिंह, अखिलेश सोनकर, मृत्युंजय मिश्र, प्रभुनाथ गोड, टीए विजय कुमार आदि मौजूद रहे।
