
एनएच पर धड़ल्ले से चल रही वसूली, टोलप्लाजा के पास होता है जमावड़ा
Kushinagar News - कुशीनगर में एनएच-28 पर गुड्स लदे ट्रकों से वसूली और हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में एक कोयला लदे ट्रक को जब्त करने के बाद राज्य कर विभाग की टीम पर हमला हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। बिचौलिए और विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली के आरोप लग रहे हैं।
कुशीनगर। कुशीनगर से होकर गुजरने वाला एनएच-28 गुड्स लदे वाहनचालकों से वसूली के मामले में कामधेनु के समान हो गया है। वाहनों पर लदे सामान को कभी ओवरलोड बता तो कभी अवैध रूप से माल ढुलाई को लेकर चालकों से वसूली और उसे लेकर विवाद के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां तक कि गाड़ियां पार कराने के नाम पर वसूली करने वाले बिचौलिए भी सक्रिय हो गए हैं। यही नहीं गुड्स लदे ट्रकों को जिले की सीमा पार कराने के एवज में वसूली के आरोप परिवहन विभाग एवं राज्य कर विभाग के लोगों पर भी लग रहे हैं। ताजा मामला शनिवार की रात का है, जब कोयला लदे एक ट्रक को कब्जे में लिए जाने के बाद राज्य कर विभाग की टीम पर हमला हुआ था, जिसमें विभाग के सहायक आयुक्त, राज्य कर अधिकारी सहित पांच लोग घायल हो गए थे।

चूंकि कुशीनगर जनपद बिहार की सीमा से सटा हुआ है और दिल्ली से लगायत बंगाल तक के लिए वाहन इस सड़क से गुजरते हैं, इसलिए टैक्स के नाम पर संबंधित लोगों की तरफ से काफी झोल किए जाते हैं। फिर चाहे बालू, गिट्टी, कोयला, ऑटोमोबाइल्स सहित अन्य सामान लदे ट्रक को पार कराने वाले बिचौलिए हों या फिर संबंधित विभागों के जिम्मेदार व कर्मचारी। अभी कुछ माह पहले मधुरिया पुलिस चौकी के पास एआरटीओ और उनके सिपाहियों पर मुरादाबाद निवासी ट्रक चालक सद्दाम और खलासी शरीफ को पीटने का मामला सामने आया था, जिसके बाद नाराज ट्रक चालक ने हाइवे जाम कर दिया था। इसके अलावा कई बार ट्रकचालकों के साथ झड़प और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। सूत्रों की मानी जाए तो हेतिमपुर टोल प्लाजा और सलेमगढ़ टोल प्लाजा के इर्द-गिर्द ऐसे बहुत से लोग सक्रिय हैं, जो ट्रकों को जिले की सीमा से पार कराने का ठेका ले लेते हैं और उसके लिए जरुरत पड़ने पर संबंधित विभाग के लोगों के साथ मारपीट तक कर लेते हैं। यही नहीं, परिवहन विभाग एवं राज्य कर विभाग के अफसरों व कर्मचारियों पर भी गुड्स लदी गाड़ियों को अवैध तरीके से पार कराने के आरोप लग चुके हैं। इसके वीडियो भी पूर्व में वायरल हो चुके हैं। राज्य कर अधिकारी दीपेंद्र सोनकर ने खुद कसया थाने में तहरीर देकर स्वयं के साथ-साथ सहायक आयुक्त अंबरीष कुमार, चालक अक्षय यादव व सिपाही आशीष यादव एवं राजीव वर्मा के साथ शनिवार की रात एनएच-28 स्थित विशुनपुरा कट पर वाहनों की जांच के दौरान पिटाई का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी विक्की श्रीवास्तव के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया। इस घटना की जानकारी होने पर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा रेंज-ए के ज्वाइंट कमिश्नर उदित नारायण सिंह और रेंज-बी के ज्वाइंट कमिश्नर नवीन कुमार भी पहुंच गए थे। लोगों में चर्चा है कि जब तक ठोस इंतजाम नहीं किए जाएंगे, तब तक ट्रक चालकों से अवैध वसूली और मारपीट की इस तरह की घटनाएं नहीं रुकेंगी। जीएसटी टैक्स के प्रकार- भारत में केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी), राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) और अंतर-राज्य जीएसटी (आईजीएसटी) लागू है। केंद्रीय माल और सेवा कर (सीजीएसटी) केंद्र सरकार द्वारा वस्तुओं और सेवाओं की आंतरिक आपूर्ति पर लगाया जाने वाला कर है। आंतरिक आपूर्ति का मतलब है कि लेन-देन एक ही राज्य के अंदर होता है। राज्य माल और सेवा कर (एसजीएसटी) राज्य सरकार द्वारा वस्तुओं और सेवाओं की आंतरिक आपूर्ति पर लगाया जाने वाला कर है। जैसा कि सीजीएसटी के साथ है, यह भी उसी राज्य के भीतर लेन-देन पर लागू होता है। अंतर-राज्यीय माल और सेवा कर (आईजीएसटी) विभिन्न राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति पर लगाया जाने वाला कर है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश माल और सेवा कर (यूटीजीएसटी) भारत के केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) में उत्पादों की आपूर्ति या सेवाओं पर यूटीजीएसटी लगाया जाता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दमन दीव, दादरा नगर हवेली और लक्षद्वीप में, उत्पाद या सेवाएं यूटीजीएसटी के अधीन हैं। केंद्र शासित प्रदेश सरकार यूटीजीएसटी राजस्व एकत्र करने के लिए ज़िम्मेदार है। चूंकि एनएच-28 के रास्ते दिल्ली से बंगाल तक के वाहन गुजरते हैं, इसलिए उनसे वसूली भी तगड़ी होती। एनएच-28 स्थित हेतिमपुर एवं सलेमगढ़ टोल प्लाजा के इर्द-गिर्द बहुत से बिचौलिए सक्रिय हैं, जो विभिन्न प्रकार के गुड्स लदे वाहनों को अवैध तरीके से जबरदस्ती पार कराने का दबाव बनाते हैं। झगड़ा भी कर लेते हैं। शनिवार की रात कसया में कोयला लदे ट्रक को पकड़े जाने के बाद विक्की श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति ने टीम की पिटाई कर दी थी, जबकि न तो ट्रक उसका था और न ही ट्रक पर लदा कोयला। उसका इससे कोई वास्ता नहीं था। पूरा मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। इस मसले पर ठोस रणनीति बनाई जाएगी। अंबरीष कुमार, सहायक आयुक्त, राज्य कर विभाग (कुशीनगर)

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




