कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भी होगा कैंसर रोगियों का इलाज

Mar 01, 2026 10:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share Share
Follow Us on

Kushinagar News - कुशीनगर में कैंसर रोगियों के लिए राहत की खबर है। मेडिकल कॉलेज में छह बेड का कैंसर सेंटर बनाया जाएगा। मरीजों को इलाज के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। यहां कीमोथेरेपी और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। टेलिमेडिसिन के जरिए विशेषज्ञों से सलाह लेने की सुविधा भी होगी।

कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भी होगा कैंसर रोगियों का इलाज

कुशीनगर। कैंसर रोगियों के लिए राहत की खबर है। उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में ही चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां छह बेड का कैंसर सेंटर बनेगा, जहां मरीज भर्ती किए जाएंगे। पहली मर्तबा तो एम्स, केजीएमयू, एसजीपीजीआई अथवा बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में दिखाकर इलाज शुरू कराएंगे, लेकिन उसके बाद जिला मुख्यालय के मेडिकल कॉलेज में ही उनका इलाज हो सकेगा। कीमोथेरेपी की सुविधा भी मिलेगी। जरुरी दवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गंभीर मामलों में टेलिमेडिसिन पद्धति से सलाह लेकर मरीजों का इलाज हो सकेगा। जिले में कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है।

ऐसे लोगों को इलाज के लिए मुंबई या बीएचयू सहित अन्य बड़े शहरों के कैंसर अस्पतालों में जाना पड़ता है। कैंसर रोगियों को इसकी सामान्य चिकित्सकीय सुविधा अपने जिले में भी उपलब्ध कराने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। जनपद मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में छह बेड का कैंसर सेंटर खुलेगा। यहां तैनात होने वाले डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ इसी अस्पताल के होंगे और उन्हें इसके लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इस मर्ज के रोगियों की दवाइयों के लिए इमरजेंसी मैनेजेंट होगा। टेलिमेडिसिन के जरिए जो नजदीक के बड़े अस्पताल (मेंटर मेडिकल कॉलेज) होंगे, उनसे जोड़ा जाएगा। कैंसर का मरीज वहां जाएगा, इलाज और जांच कराएगा। कीमोथिरेपी कराएगा। पहली बार वहां कराएगा, जबकि उसके बाद जब भी जरुरत होगी, कुशीनगर के मेडिकल कॉलेज में करा सकेगा। मरीज को वहां बार-बार जाने से राहत मिल जाएगी। इसके लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल पर कैंसर सेंटर बनाया जा रहा है। छह बेड का वार्ड होगा। वहीं इमरजेंसी कक्ष, पैथालॉजी और अन्य जांच संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कैंसर की दवाएं सेंसेटिव होती हैं, इसलिए उनके स्टोरेज की व्यवस्था की जा रही है। मरीजों को दवा वहीं बने काउंटर पर दी जाएंगी। एक जगह ही सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यदि यहां की चिकित्सकीय टीम को किसी प्रकार की सलाह की जरुरत पड़े तो टेलिमेडिसिन से जुड़कर एक्सपर्ट डॉक्टरों से सलाह ले सकेंगे। ----कोट--- कैंसर के रोगियों को दूर शहरों में जाकर इलाज कराने में हो रही परेशानियों से राहत देने के लिए अब जिले के मेडिकल कॉलेज में ही कैंसर सेंटर स्थापित कराया जा रहा है। यह मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल पर बनेगा। छह बेड के वार्ड सहित इमरजेंसी कक्ष, पैथालॉजी, मेडिकल स्टोर सहित अन्य जरुरी चिकित्सकीय सुविधाएं एक जगह मुहैया कराई जाएंगी। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकीय स्टॉफ प्रशिक्षित किए जाएंगे तथा आवश्यकतानुरूप टेलिमेडिसिन के जरिए निकट के बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के डॉक्टरों से जुड़कर सलाह प्राप्त कर सकेंगे। पहली बार कीमोथेरेपी गोरखपुर में होगी, लेकिन उसके बाद जितनी बार जरुरत होगी, कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में हो सकेगी। हमने स्वयं जाकर कैंसर सेंटर के लिए जगह देखी है। जगह चिह्नित कर ली गई है। जल्द ही जिले के लोगों को यह सुविधा मिलेगी। डॉ. चंद्रप्रकाश, सीएमओ

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।