Kushinagar News: गंडक के जलस्तर में कमी से रेतावासियों को राहत, छितौनी तटबंध पर नदी का दबाव
Kushinagar News: खड्डा, हिन्दुस्तान संवाद। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश थमने के बाद

Kushinagar News: खड्डा, हिन्दुस्तान संवाद।
नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश थमने के बाद बड़ी गंडक (नारायणी) नदी का जलस्तर और वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से छोड़े जा रहे पानी का डिस्चार्ज लगातार घट रहा है। इससे खड्डा के रेता क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, छितौनी तटबंध के किमी 12.700 स्थित वीरभार ठोकर के पास पुनःस्थापित स्परों पर नदी का दबाव अभी भी बना हुआ है। वहीं, बसंतपुर-मरिचहवा मुख्य मार्ग और रोहुआ नाले पर पानी बहने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित है।
जलस्तर में कमी
शुक्रवार की शाम चार बजे वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से नदी में 1.24 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि इससे पहले डिस्चार्ज 1.94 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया था। लगातार घटते डिस्चार्ज से बाढ़ का खतरा कुछ कम हुआ है, लेकिन नदी अभी भी छितौनी तटबंध से सटकर बह रही है। शुक्रवार की सुबह आठ बजे भैंसहा गेज पर नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु 95 मीटर के सापेक्ष 10 सेंटीमीटर नीचे था। शाम चार बजे तक इसमें कुछ बढ़ोतरी दर्ज हुई, लेकिन नदी अभी भी चेतावनी स्तर के आसपास बह रही है। जलस्तर में कमी के बावजूद छितौनी तटबंध के वीरभार ठोकर के समीप पुनःस्थापित स्परों पर लगातार दबाव बना हुआ है। यदि पानी और घटता है तो अन्य स्परों के भी पानी में लांच होने की आशंका जताई जा रही है। बाढ़ खंड की ओर से छितौनी तटबंध पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है। उधर, जलस्तर घटने के बावजूद बसंतपुर-मरिचहवा मुख्य मार्ग पर पानी जमा है तथा रोहुआ नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेता क्षेत्र के शिवपुर, मरिचहवा, हरिहरपुर, नारायनपुर, बसंतपुर, महदेवा और सालिकपुर समेत कई गांवों के लोगों ने नदी का जलस्तर घटने पर राहत जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फिर से डिस्चार्ज बढ़ा तो हर वर्ष की तरह गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो जाएगा और उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


