Kushinagar News: 10 दिन में दो बार टूटा तार, रस्सी और पेड़ के सहारे दौड़ रही बिजली
Kushinagar News: पडरौना के खुदरा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से एक झुका हुआ पोल और टूटी हुई तारों ने ग्रामीणों में डर पैदा कर दिया है। पिछले 10 दिनों में तार दो बार गिर चुका है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से पोल को सही करने और पेड़ों की छंटाई की मांग की है।

Kushinagar News: पडरौना, निज संवाददाता। विकास खंड पडरौना के विद्युत उपकेंद्र रविंद्र नगर के जानकीनगर फीडर के ग्राम खुदरा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांव के प्रदीप शर्मा के घर के पीछे लगा बिजली का पोल बुरी तरह झुका हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 10 दिनों में दो बार तार टूटकर जमीन पर गिर चुका है।ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के लाइनमैन मौके पर आकर टूटे तार को रस्सी से बांधकर पेड़ की डालियों में लटका कर सप्लाई चालू कर दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इसी झुके हुए पोल के ठीक बगल में अधिशासी अभियंता विद्युत पडरौना द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में एक नया पोल गड़ा हुआ है, लेकिन आज तक तार को खींचकर नए पोल पर शिफ्ट नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से लेकर प्रदीप शर्मा के घर तक कई पेड़ों की डालियां तारों में उलझी हैं, जिनकी छंटाई होना जरूरी है। तार को नए पोल पर कसकर खींच दिया जाए, तो खतरा टल सकता है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग उदासीन बना हुआ है। ग्रामीणों में दहशत है कि कुछ महीने पहले पडरौना के ही कोहड़ा गांव में ट्रांसफार्मर फटने से घर में आग लग गई थी और महिला अंगिरा देवी की मौत हो गई थी। खुदरा में भी पूर्व में तार टूटने से एक बच्चे की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि कोहड़ा जैसी बड़ी घटना दोहराई गई तो जिम्मेदार कौन होगा? गांव के प्रदीप, सूरज, रामकुमार, हेमंत, राजन, अमन, राहुल, रोहित, कमलेश, संजय आदि ग्रामीणों ने संबंधित उच्चाधिकारियों से शीघ्र मरम्मत कराकर तार व पोल पर खींचने और पेड़ों की डालियां कटवाने की मांग की है।

