Kushinagar News: भैसों से लदा पिकअप पुलिया में फंसा, ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले
Kushinagar News: राजापाकड़, हिन्दुस्तान संवाद। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव

Kushinagar News: राजापाकड़, हिन्दुस्तान संवाद।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव के बरवा टोला के पुलिया में संदिग्ध पिकअप के फंसने से शुक्रवार की भोर में अफरा-तफरी मच गई। पिकअप में दो भैंसें और एक पड़िया लदीं थी। ग्रामीणों ने पशुओं को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी, हालांकि पिकअप सवार चालक और उसका साथी ग्रामीणों की भीड़ जुटते ही गन्ने के खेत के रास्ते फरार हो गए। मौके पर पहुंची तुर्कपट्टी थाने की पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
घटना का विवरण
शहीद चंद्रभान चौरसिया सड़क पर नवनिर्मित पुलिया का अप्रोच बन रहा है। शुक्रवार की भोर करीब चार बजे सेवरही क्षेत्र के दुमही की तरफ से एक पिकअप वहां पर पहुंचा। पिकअप सवार लोगों ने पुलिया से कुछ दूर पहले एक मृत पड़वा एक व्यक्ति के घर के पास फेंक दिया। यकायक हुई इस घटना से व्यक्ति की नजर पड़ी, तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों का ध्यान पिकअप की ओर गया। इस बीच हड़बड़ी में चालक वाहन को आगे बढ़ाने लगा, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से पिकअप पुलिया में फंस गया। पिकअप के पुलिया में फंसते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों की बढ़ती भीड़ देखकर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर गन्ने के खेत की ओर भाग निकले। ग्रामीणों ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें दो भैंसें और एक पड़िया लदी थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने पशुओं को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से पिकअप को पुलिया से निकलवाकर थाने पहुंचायी। घटना के बाद ग्रामीणों में पशुओं के चोरी के होने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस इस दिशा में जांच पड़ताल कर रही है। इस संबंध में एसओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच में भैंसों की चोरी का मामला सामने आया है। पडरौना कोतवाली क्षेत्र से भैंस चोरी हुई थीं। ऐसे में पडरौना कोतवाली पुलिस को पिकअप सहित भैंस को सुपुर्द कर दिया गया है। पडरौना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है。


