मरने से पहले जीतेन्द्र ने दो गोलियां मारी थी नैना को, हत्या का केस दर्ज

Newswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
Follow us on Google News
share

कुशीनगर के बसडीला बुजुर्ग गांव में जीतेंद्र ने अपनी साली नैना को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली। नैना की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। नैना पढ़ाई में होनहार थी और उसका इंटर में नामांकन होना था। घटना से गांव में मातम पसरा है।

मरने से पहले जीतेन्द्र ने दो गोलियां मारी थी नैना को, हत्या का केस दर्ज

कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला बुजुर्ग गांव स्थित ससुराल पहुंचे जीतेन्द्र ने साली नैना को दो गोलियां मारी थीं। एक उसके सीने में जबकि दूसरी उसके सिर में लगी थी। तीसरी गोली मिस हुई थी। चौथी गोली जितेन्द्र ने खुद की कनपटी पर रखकर चलायी थी, जिससे उसकी भी मौत हो गयी। दोनों शवों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आए हैं। इस मामले में मृतका नैना की मां की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। विवेचना के दौरान जीतेन्द्र की खुदकुशी की बात शामिल की जाएगी। प्रकरण में हत्यारोपी ने भी खुदकुशी कर ली थी, लिहाजा जांच के बाद इस मामले में पुलिस की ओर से अंतिम रिपोर्ट लगना तय माना जा रहा है。

घटना का विवरण

बुधवार की सुबह बसडीला बुजुर्ग गांव निवासी शंभू प्रजापति की 18 वर्षीय बेटी नैना प्रजापति अपने जीजा जीतेंद्र को खाना देने कमरे में गई थी। इसी दौरान उसके जीजा जीतेंद्र ने अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और पहले नैना को गोली मारी, फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दरवाजा बंद होने के कारण कोई बीच-बचाव नहीं कर सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद 18 वर्षीय नैना का शव गांव पहुंचा, जहां शव को देखते ही मृतक नैना की मां गोदावरी देवी व बहन बेबी दहाड़े मारकर रोने लगीं। बुधवार की घटना को याद कर मृतका की मां बार-बार बेहोश हो जा रहीं थी। बहन की हत्या करने के बाद पति द्वारा गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद बेबी की हालत भी ठीक नहीं है।

गांव में मातम

वहां मौजूद आसपास की महिलाएं दोनों को ढांढस बंधाती रही। गांव के लोगों ने गमगीन माहौल के बीच नैना के शव का अंतिम संस्कार किया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। घटना के बाद दूसरे दिन भी बसडीला बुजुर्ग गांव में मातम पसरा रहा। जीजा द्वारा साली की गोली मारकर हत्या करने और फिर खुद को गोली मार लेने की घटना से लोग अब भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा और लोग दिनभर इसी घटना की चर्चा करते रहे। दूसरी तरफ, मृतक जीतेंद्र प्रजापति का शव उसके परिजन अंतिम संस्कार के लिए बिहार प्रांत के कुचायकोट थाना अंतर्गत धमरचक ले गए। इस मामले में मृतका की मां गोदावरी देवी ने तमकुहीराज थाने में दामाद के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।

नैना की पढ़ाई

हाईस्कूल में 80 प्रतिशत अंक लाई थी नैना, 11वीं में नामांकन की थी तैयारी :

मृतका नैना प्रजापति पढ़ाई-लिखाई में होनहार थी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की 10वीं कक्षा की परीक्षा में नैना ने 80 प्रतिशत अंक हासिल किया था। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद वह काफी खुश थी। होनहार बेटी पर घरवाले भी नाज करते थे। बुधवार को ही उसका इंटर प्रथम वर्ष में नामांकन होना था। एक दिन पहले यानि मंगलवार को ही वह नामांकन को लेकर सारी तैयारी पूरी कर चुकी थी, लेकिन नीयति को कुछ और ही मंजूर था। जिस दिन उसे नामांकन कराने जाना था, उसी दिन उसके जीजा ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।

अवैध असलहे का मामला

मुंगेर मेड था अवैध असलहा

मौके से बरामद अवैध असहले की छानबीन में स्पष्ट हुआ है कि यह मुंगेर मेड अवैध असलहा था। इसे जीतेन्द्र अपने साथ लेकर ससुराल आया था। मौके से चार खोखा कारतूस बरामद किए गए थे। माना जा रहा है कि वह चारों गोलियां पहले से असलहे में लोड किए था।

पुलिस का बयान

बोले सीओ

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि नैना को दो गोलियां लगी थी। तीसरी गोली मिस हुई थी। चौथी गोली जीतेन्द्र को लगी थी। अवैध असलहा मुंगेर मेड है। मृतका की मां की तहरीर के आधार पर मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है। घटना में हत्यारोपी की भी मौत हो चुकी है।

-जयंत कुमार, सीओ तमकुही राज

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या नैना की हत्या के बाद जीतेंद्र ने आत्महत्या की?
हाँ, जीतेंद्र ने नैना की हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।