अब काफिले में नहीं, ई-रिक्शा और बाइक से सफर कर रहे विधायक सांसद

Newswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share

Kushinagar News - प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर कुशीनगर में देखने को मिला है, जहां जनप्रतिनिधि अपनी गाड़ियों की संख्या कम कर रहे हैं। विधायक छोटे सफर के लिए बाइक, ई-रिक्शा और पैदल चलने को प्राथमिकता दे रहे हैं। सांसद विजय दुबे ने कहा कि यह पहल देशहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है।

अब  काफिले में नहीं, ई-रिक्शा और बाइक से सफर कर रहे विधायक सांसद

कुशीनगर। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, कारपूलिंग अपनाने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील का असर अब कुशीनगर में भी दिखाई देने लगा है। जिले के जनप्रतिनिधि अपने काफिलों में शामिल गाड़ियों की संख्या कम कर रहे हैं और छोटी दूरी के लिए बाइक, ई-रिक्शा व पैदल सफर को प्राथमिकता दे रहे हैं। खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने गुरुवार को लखनऊ में अपनी निजी गाड़ी आवास पर छोड़ दी और ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे। इसी तरह सदर पडरौना विधायक मनीष जायसवाल ने भी अपने काफिले से गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा भी लग्जरी गाड़ी छोड़ इलेक्ट्रिक स्कूटी का उपयोग करने लगे हैं। अन्य विधायक व सांसद विजय दुबे भी ईंधन बचत को लेकर अपने तरीके अपना रहे हैं।

सांसद बोले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, कारपूलिंग अपनाने और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग का जो संदेश दिया है, वह देशहित और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधियों को इस पहल में आगे बढ़कर उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। हमने भी अपने यात्रा कार्यक्रम में वाहनों के उपयोग को कम करने का निर्णय लिया है। छोटी दूरी के लिए साझा यात्रा, बाइक और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि ईंधन बचत के साथ लोगों में भी जागरूकता बढ़ सके।

Voice of UP

-विजय कुमार दुबे, सांसद-कुशीनगर

विधायकों ने कहा :

प्रधानमंत्री की अपील के बाद हमने अपने काफिले में चलने वाली गाड़ियों को हटाकर सिर्फ एक गाड़ी रखी है। अब छोटी दूरी के लिए बाइक, ई-रिक्शा और पैदल चलने को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। ईंधन की खपत कम करने के लिए और लोगों को भी आगे आने की जरूरत है।

-मनीष जायसवाल, सदर विधायक-पडरौना

ईंधन संरक्षण सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें हर नागरिक की भागीदारी भी जरूरी है। हमने अपने स्तर पर निजी वाहनों का उपयोग कम करने और साझा यात्रा को बढ़ावा देने की पहल शुरू की है। गुरुवार को लखनऊ विधानसभा में जाने के दौरान मैंने आवास पर अपनी गाड़ी छोड़ दी और ई-रिक्शा से वहां तक गया।

-विवेकानंद पांडेय, विधायक-खड्डा

मैं जब जिला पंचायत अध्यक्ष था, तब भी एक ही गाड़ी से चलता था और आज विधायक हूं तो भी एक ही गाड़ी का प्रयोग करता हूं। अब जब पीएम मोदी ने ईंधन खपत को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है, मैं उस अपील का पालन कर रहा हूं। मेरी कोशिश है कि इलेक्ट्रिक वाहन का प्रयोग करूं ताकि ईंधन की खपत को और भी कम किया जा सके।

-विनय प्रकाश गोंड, विधायक-रामकोला

पहले मैं दो गाड़ियों के साथ चलता था। एक गाड़ी में मैं स्वयं रहता था और दूसरी गाड़ी में समर्थक व सुरक्षा कर्मी बैठते थे। पीएम की अपील के बाद मैंने एक गाड़ी से ही चलने का निर्णय लिया है। पांच से छह किलोमीटर के अंदर ई-रिक्शा से निमंत्रण या अन्य मांगलिक कार्यों में शामिल होने जा रहा हूं। अन्य लोगों को भी पीएम की अपील का समर्थन करना चाहिए।

-मोहन वर्मा, विधायक-हाटा

पीएम की अपील के बाद ईंधन बचत करने को मैं सिर्फ अपने व्यक्तिगत वाहन का प्रयोग कर रहा हूं। मैंने समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों को बोल दिया है कि वह अपनी गाड़ी के साथ पीछे न आएं। कैंप कार्यालय या आवास पर भेंट कर अपनी बात कह सकते हैं। देशहित में प्रधानमंत्री का यह आह्वान है, जिसे हम सभी को पालन करना चाहिए।

-पीएन पाठक, विधायक-कुशीनगर

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को कम करना समय की जरूरत है। हमने भी अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने का निर्णय लिया है। दो में से एक गाड़ी को मैंने हटा दिया है। एक ही गाड़ी से क्षेत्र भ्रमण कर रहा हूं। चूंकि, मैं पेशे से चिकित्सक हूं और मुझे गोरखपुर भी जाना होता है। ऐसे में एक गाड़ी का उपयोग मेरे लिए जरुरी भी है ताकि समय से पहुंचकर मरीजों का उपयोग कर सकूं।

-डॉ. असीम कुमार, विधायक-तमकुहीराज

पहले भी मैं एक ही गाड़ी से चलता था और आज भी एक ही गाड़ी से चल रहा हूं। आवास से पांच किमी के दायरे में मैं इलेक्ट्रिक स्कूटी का उपयोग कर रहा हूं ताकि ईंधन की बचत हो और पीएम मोदी की अपील का पालन किया जा सके। सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग को अपनाने से न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, यातायात दबाव और प्रदूषण भी कम होगा।

-सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, विधायक- फाजिलनगर

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किस चीज़ की खपत कम करने की अपील की है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।