लोकरंग का पोस्टर जारी, तैयारी तेज
Kushinagar News - कुशीनगर में 11 एवं 12 अप्रैल को होने वाले लोकरंग महोत्सव का पोस्टर जारी किया गया है। पिछले 19 वर्षों से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य जनसंस्कृति और लोकसंस्कृति का संरक्षण करना है। इसमें विभिन्न प्रदेशों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।

कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। आगामी 11 एवं 12 अप्रैल को होने वाले लोकरंग महोत्सव के लिए आयोजन समिति द्वारा बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक कार्यक्रम का पोस्टर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही आयोजन की तैयारी भी तेज कर दी गई है। फाजिलनगर क्षेत्र के जोगिया जनूबीपट्टी में पिछले 19 वर्षों से आयोजित अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका लोकरंग महोत्सव 2026 का पोस्टर जारी कर दिया गया है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि जनसंस्कृति और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर है। इसके लिए अब क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर पोस्टर लगाने सहित लोगों को आमंत्रण देने का कार्य किया जा रहा है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि आज के दौर में बढ़ते सांस्कृतिक भड़ैती और फूहड़पन के बीच लोकरंग जैसे कार्यक्रम समाज को एक सकारात्मक दिशा देने का काम कर रहे हैं।यह मंच लोक परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और क्षेत्रीय कला को जीवित रखने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। पोस्टर जारी होने के बाद कलाकारों और सांस्कृतिक प्रेमियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन में इस वर्ष भी देश के विभिन्न प्रदेशों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक होगा। कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। मंच सज्जा, कलाकारों के चयन और अन्य व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।आयोजकों ने क्षेत्रीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस दौरान विष्णुदेव राय, नितान्त सिंह, भुवनेश्वर राय, हदीश अंसारी, इजरायल अंसारी, सिकन्दर गोंड, अनुभव राय, मंजूर अली, हबीब अंसारी आदि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


