गन्ने के खेत में काम कर रहा था किसान, अचानक तेंदुए को देख मचाने लगा शोर
कुशीनगर जिले के धूमनगर गांव में तेंदुए की एक बार फिर उपस्थिति से दहशत फैल गई। एक किसान ने तेंदुए को देखा और शोर मचाया, जिससे ग्रामीण इकट्ठा हो गए। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार उपस्थिति से लोग डर रहे हैं।
कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। कुशीनगर जिले के जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा के धूमनगर गांव में शुक्रवार को एक बार फिर तेंदुआ दिखने की सूचना से दहशत फैल गई। गांव के पास गन्ने के खेत में काम कर रहे एक किसान ने तेंदुए को देखा, जिसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। किसान की आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और लाठी-डंडों के साथ पूरे खेत में तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, ग्रामीणों के पहुंचने और शोर-शराबे के बीच तेंदुआ वहां से निकल चुका था। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई और आसपास के खेतों तथा सरेह में कॉम्बिंग शुरू कर दी। टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले खेतों की ओर न जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को देने की अपील की है।
तेंदुए की दहशत
बतादें कि, पिछले कई दिनों से यूपी-बिहार सीमा से सटे जटहा बाजार क्षेत्र के गांवों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। कुछ दिन पहले पुर्नहा मिश्र के डुमरा टोला में तेंदुए ने आठ लोगों और दो पशुओं पर हमला किया था। करीब 20 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़कर गोरखपुर चिड़ियाघर भेजा था।
ग्रामीणों की चिंता
इसके बाद भी माघी कोठिलवा, धूमनगर और खेसिया के लेड़हा टोला समेत कई गांवों में लगातार तेंदुआ दिखने की खबरें सामने आ रही हैं। सीमावर्ती इलाके के लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और बागीचों में काम करने जाने में भी अब डर लगने लगा है। वन विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चला रहा है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


