
एसआईआर : 3 लाख 5 हजार 736 गणना प्रपत्र अब तक हो गए जमा
Kushinagar News - कुशीनगर में मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण तेजी से आगे बढ़ रहा है। 4 दिसंबर तक गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अंतिम तिथि है। 3,05,736 प्रपत्र जमा हुए हैं, लेकिन कुछ मतदाता 2003 की सूची से जानकारी भरने में परेशान हैं। समय कम है और बीएलओ की संख्या भी कम है।
कुशीनगर। मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, इसे लेकर सक्रियता बढ़ती जा रही है। उच्चाधिकारी हर दो घंटे पर इसका अपडेट ले रहे हैं। शनिवार को दोपहर दो बजे तक 3,05,736 गणना प्रपत्र जमा हो गए थे। मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का गणना प्रपत्र तय समय सीमा में तैयार करके जमा करना प्रशासन और निर्वाचन विभाग के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। क्योंकि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें 2003 की मतदाता सूची से विवरण भरना है। इसमें जटिलता के कारण लोग परेशान हैं।

क्योंकि कुछ सूचनाएं ऐसी मांगी जा रही हैं, जिन्हें जुटाना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। दूसरी तरफ गणना प्रपत्र सभी मतदाताओं से भरवाकर 4 दिसंबर तक जमा कर देना है। करीब 12 दिन का समय बचा है। उसके बाद आपत्तियां ली जाएंगी और फिर 7 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। जिन मतदाताओं का फार्म जमा नहीं हो पाएगा, उनका नाम सूची से कट जाएगा। गणना प्रपत्र भरवाने के लिए इतने बड़े जिले में 2639 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है, जो इतने कम समय में पूरा कर पाने के लिए कम है। एसआईआर के लिए गणना प्रपत्र सभी 2695030 मतदाताओं में वितरित कर दी गई हैं और 4 दिसंबर तक इन्हें भरकर वापस ले लेना है। इसे लेकर व्यस्तता इतनी है कि बीएलओ से लेकर निर्वाचन कार्यालय और ईसीआई तक सूचनाओं को हर दो घंटे पर अपडेट किया जा रहा है। दिन भर में कई मर्तबा अफसरों के बीच वीडियो कांफ्रेंसिंग भी हो रही है। शनिवार को दोपहर दो बजे तक 3 लाख 5 हजार 736 गणना प्रपत्र जमा हो पाए थे। इनमें सबसे अधिक 55 हजार 143 गणना प्रपत्र कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से जमा हुए थे, जबकि सबसे कम गणना प्रपत्र कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में 34 हजार 623 जमा हुए थे। इसे विभाग की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया। गणना प्रपत्र भरने में परेशानी जटहां बाजार। विशुनपुरा ब्लॉक के हिरनही निवासी चंद्रेश साह पेशे से व्यवसायी हैं। उन्होंने बताया कि गहन मतदाता पुनरीक्षण स्वयं भरने में परेशानी हो रही है। गांव में आने वाले कई बीएलओ फार्म देखकर चले जा रहे हैं, जबकि फार्म में कई ऐसे कॉलम हैं, खुद भर नहीं पा रहे हैं। इसके लिए बीएलओ को मौके पर रहकर भरवाना चाहिए। यदि ऐसा हो तो ठीक रहेगा। गणना प्रपत्र के लिए 2003 की मतदाता सूची से मिलान मुश्किल तमकुहीराज। एसआईआर के लिए गणना प्रपत्र भरने में काफी परेशानी हो रही है। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के माधोपुर बुजुर्ग निवासी पंकज कुमार राय ने बताया कि एसआईआर के लिए उन्हें जो गणना प्रपत्र मिला है, उसमें वर्ष 2003 के बाद की शादी के लिए विवाहिता के मायके से जुड़े लोगों का आधार कार्ड या निर्वाचन प्रमाण पत्र सहित ससुराल से संबंधित प्रपत्र लगाना पड़ रहा है। इसे लेकर फार्म पूर्णरूप से भरने के लिए मायके से विवाहिता की माता या पिता के आधार कार्ड या निर्वाचन कार्ड को मंगाने के बाद ही उसे फार्म के साथ संलग्न करना जरूरी हो गया है। साथ ही नवीनतम फोटो के लिए घर से बाहर निकलकर फोटो बनवाना, पहचान एवं पता से संबंधित प्रपत्रों की फोटोकॉपी संलग्न करना काफी दुरूह साबित हो रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




