Kushinagar News: राज्यस्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सुकरौली के पांच खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड
Kushinagar News: कुशीनगर के सुकरौली क्षेत्र के पांच ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय गोल्डन कप चैंपियनशिप में अपने-अपने वर्ग के फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किए। अंशिका प्रजापति, अर्पिता सिंह, सुधा, आस्था प्रजापति और आदित्य कन्नौजिया ने यह उपलब्धि डॉ. राजकुमार मौर्य के मार्गदर्शन में प्राप्त की। कोच को बेस्ट कोच अवार्ड मिला और खिलाड़ियों का चयन जनवरी 2027 में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। सुकरौली क्षेत्र के पांच ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में पांचों खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग के फाइनल मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इन खिलाड़ियों को ताइक्वांडो कोच डॉ. राजकुमार मौर्य के नेतृत्व में प्रशिक्षण मिल रहा है।उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से 10 और 11 अक्तूबर को लखनऊ के चौक स्थित चौक स्टेडियम के इनडोर हॉल में राज्यस्तरीय गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के करीब 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में सुकरौली क्षेत्र के गनेशपुर निवासी अंशिका प्रजापति ने महिला वर्ग के 36 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में लखनऊ की उर्वशी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। पिड़रा निवासी अर्पिता सिंह ने जूनियर महिला वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में बस्ती की श्वेता को पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अहिरौली निवासी सुधा ने जूनियर महिला वर्ग के 48 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में कानपुर की खुशबू को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी क्रम में भगवानपुर बुजुर्ग निवासी आस्था प्रजापति ने सब जूनियर महिला वर्ग के 37 किलोग्राम भार वर्ग में सीतापुर की आराधना को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं, गनेशपुर निवासी आदित्य कन्नौजिया ने जूनियर पुरुष वर्ग के अंडर-31 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में बरेली के रजत को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि ग्रैंड मास्टर जिम्मी आर. जगतियानी ने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं, उत्कृष्ट प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की उपलब्धियों के लिए ताइक्वांडो कोच डॉ. राजकुमार मौर्य को बेस्ट कोच अवार्ड प्रदान किया गया। कोच डॉ. राजकुमार मौर्य ने बताया कि पांचों स्वर्ण पदक विजेता नेहरू इंटर कॉलेज सेमरी सुकरौली के परिसर में नियमित प्रशिक्षण लेते हैं। इन खिलाड़ियों का चयन जनवरी 2027 में दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर नेहरू इंटर कॉलेज सेमरी के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार और प्रबंधक विवेक सिंह उर्फ बंटी ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

