कल्याण मंडपम में गूंजेगी की शहनाई, धूमधाम से गरीब परिवार कर सकेंगे बेटियों की शादी

Feb 14, 2026 10:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share

Kushinagar News - कुशीनगर में गरीब परिवारों के लिए पांच करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक कल्याण मंडपम तैयार किया गया है। यह मंडपम बेटियों की शादी और पारिवारिक आयोजनों के लिए है। इसमें 2000 लोगों की क्षमता है और सभी कमरे वातानुकूलित हैं। इसका उद्घाटन मार्च में होगा और उपयोग के लिए शुल्क मात्र 11 हजार रुपये रखा गया है।

कल्याण मंडपम में गूंजेगी की शहनाई, धूमधाम से गरीब परिवार कर सकेंगे बेटियों की शादी

कुशीनगर। शहर के लोगों के लिए एक बड़ी राहत और खुशखबरी है। अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी या अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए महंगे मैरिज हॉल की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। शहर के राजपूत कॉलोनी में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक कल्याण मंडपम गरीब परिवारों के उपयोग के लिए तैयार हो गया है। इस कल्याण मंडपम का उद्घाटन मार्च महीने में किए जाने की तैयारी है, जिसके बाद यह पूरी तरह से लोगों के उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा। नगर पालिका की पहल पर बनाए गए इस भव्य और सुविधायुक्त कल्याण मंडपम का उद्देश्य है कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार भी सम्मानपूर्वक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकें।

खासतौर पर बेटियों की शादी जैसे आयोजनों में परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है। इसके अलावा जन्मदिन, तिलक, वर्षगांठ, सामाजिक बैठकें और अन्य पारिवारिक व सामाजिक कार्यक्रम भी यहां आयोजित किए जा सकेंगे। कल्याण मंडपम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें एक साथ करीब दो हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। भवन में एक मुख्य हाल, भोजन बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस एक किचन व मेहमानों और आयोजकों के ठहरने के लिए 11 कमरे बनाए गए हैं। खास बात यह है कि भवन के सभी कमरे और हाल पूरी तरह वातानुकूलित हैं, जिससे गर्मी या सर्दी के मौसम में भी आयोजनों में किसी तरह की असुविधा नहीं होगी। कल्याण मंडपम को उपयोग में लेने के लिए नगर पालिका की ओर से आवेदन की व्यवस्था ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जा रही है। इच्छुक लोग नगर पालिका कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकते हैं या फिर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी रखा गया है ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भवन के उपयोग के लिए नगर पालिका द्वारा मात्र 11 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क निजी मैरिज हॉलों की तुलना में बेहद कम है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। दूल्हा-दुल्हन के लिए भी अलग कमरा कल्याण मंडपम, किसी होटल से कम नहीं है। इसमें बने सभी कमरे वातानुकूलित हैं। सभी कमरों से शौचालय और स्नानघर अटैच है। इसके अलावा दूल्हा-दुल्हन को तैयार होने के लिए भी अलग-अलग कमरे बनाए गए हैं। साथ ही 20 चार पहिया गाड़ियों के पार्किंग के लिए भी परिसर में जगह है। हाल और कमरे के अलावा छत पर भी लोग आयोजन कर सकते हैं। हाल में बड़े-बड़े झूमर, लाइटें लगाई गईं हैं। मंडपम की गैलरी में भोजन कराने के लिए भी जगह रखी गई है। कुल मिलाकर एक मैरेज हॉल और होटल में जो सुविधाएं अधिक रुपये खर्च करने पर मिलती हैं, वह सुविधाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महज 11 हजार रुपये के कम शुल्क में ही मिल जाएंगी। बोले नगरपालिका अध्यक्ष : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महराज की प्रेरणा से यह कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो चुका है। पेटिंग और सजावट का काम अंतिम चरण में है। इसे फरवरी महीने के अंत तक पूरा करा लिया जाएगा। 11 हजार रुपये शुल्क इसलिए रखी गई है ताकि रखरखाव और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा जाए। 11 कमरे, हॉल और दूल्हा-दुल्हन के सजने के लिए अलग से बने कमरे, सभी वातानुकूलित हैं। मार्च महीने से इसे शुरू करने की तैयारी है। -विनय जायसवाल, अध्यक्ष, नगरपालिका-पडरौना

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।