शहरवासियों के लिये मुसीबत बनी पाइपलाइन के लिये तोड़ी गई सड़क
Kushinagar News - कुशीनगर में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। बारिश के बाद गड्ढे और कीचड़ से राहगीरों को दिक्कत हो रही है। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत की मांग की है।

कुशीनगर। शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए विभिन्न मोहल्लों में खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। पाइप लाइन डालने के बाद कार्यदायी संस्था द्वारा सड़कों को समतल नहीं कराया गया, जिससे शहर की कई प्रमुख सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। गड्ढों में जगह-जगह जलभराव और कीचड़ होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे आये दिन लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं।
पाइप लाइन परियोजना का कार्य
शहर के विभिन्न मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर पाइप लाइन परियोजना के तहत सड़क खोदकर पाइप डाले गए हैं। पाइप लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत अधूरी छोड़ दी गई। कई स्थानों पर मिट्टी डालकर खानापूर्ति की गई, जो बारिश होते ही धंस गई। इससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए और आये दिन इसमें गिर कर कोई ना कोई राहगीर घायल हो रहे हैं, जबकि इन गड्ढों में ई-रिक्शा पलटना तो आम बात हो गई है। वहीं सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को हो रही है।
स्थानीय नागरिकों की शिकायतें
वहीं शहरवासी पियूष दुबे, राजन मौर्य, बृजकिशोर, राजेश गुप्ता, संजय जायसवाल, राजेश वर्मा आदि का कहना है कि इस समस्या को लेकर संबंधित वार्ड के सभासदों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले यदि सड़कें ठीक नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो जायेगी।
बोले जिम्मेदार
मैंने इस संबंध में जल निगम के अधिशाषी अभियंता को पत्र लिखा है। उन्हें एनओसी तभी मिलेगी, जब सड़क पक्की बनाकर दी जाएगी। टेस्टिंग के बाद सभी क्षतिग्रस्त हुए सड़कों को जल निगम ने ठीक कराने का भरोसा दिया है।
- विनय जायसवाल, अध्यक्ष, नपा पडरौना
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


