Kushinagar News: गोबरही चौराहे पर सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुआ मुख्य मार्ग
Kushinagar News: कुशीनगर के कसया-रामकोला मार्ग पर सड़क की हालत बेहद खराब है। गोबरही चौराहा पर बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है, खासकर स्कूल जाने वाले छात्रों को। स्थानीय लोगों ने सड़क के मरम्मत की मांग की है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Kushinagar News: कुशीनगर। कसया-रामकोला मार्ग पर गोबरही चौराहा से सीताबारी, नटवलिया, रामपुरपट्टी, साखोपार होते हुए जिला मुख्यालय रवीन्द्र नगर जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। इस सड़क की सबसे अधिक दुर्दशा गोबरही चौराहे पर देखने को मिल रही है। सड़क लंबे समय से टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के लोग आवागमन करते हैं। करीब आधा दर्जन से अधिक गांवों के लिए यह मुख्य मार्ग है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। आए दिन साइकिल और मोटरसाइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को होती है। सुबह के समय बड़ी संख्या में बच्चे इसी मार्ग से होकर शिक्षण संस्थानों तक पहुंचते हैं।सड़क की बदहाली के कारण उन्हें दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जनहित में जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर गड्ढों को भरवाने की मांग की है।


