Kushinagar News: गड्ढों में तब्दील छह किमी सड़क, जलजमाव से राहगीर परेशान
Kushinagar News: कुशीनगर के कसया तहसील क्षेत्र में बैदौली चौराहे से राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़क टूटकर गड्ढों में बदल गई है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण सड़क के सुधार की मांग कर रहे हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है।

Kushinagar News: कुशीनगर। कसया तहसील क्षेत्र के बैदौली चौराहे से राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली करीब छह किलोमीटर लंबी सड़क जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में जलजमाव होने से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सड़क की बदहाली के बावजूद विभाग गड्ढों को भरवाने के प्रति उदासीन बना हुआ है।सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ ही साइकिल सवार और पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
पानी भरे होने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। इस मार्ग से नरकटिया, परसौना, कुरमौटा, रामनगर, मंझरिया, बैदौली, महुआडीह, महुआडीह लौंगरापुर, भरवलिया, महुई बुजुर्ग, नैकाछपरा, अमरपुर और पिपरी समेत दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का प्रतिदिन आवागमन होता है। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र भी इसी रास्ते से कसया और हेतिमपुर आते-जाते हैं। सड़क टूटने और जगह-जगह जलजमाव के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रवि तिवारी, गणेश मल्ल, महंथ यादव, लप्पू तिवारी, राधेश्याम प्रसाद, इंद्रजीत सिंह, बबलू मल्ल और ब्रजेश सिंह आदि ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि इस मार्ग पर यात्रा करना दुश्वारियों से कम नहीं है। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। फिलहाल जिन स्थानों पर जलजमाव की समस्या है, उसे दूर कराया जाएगा।


