Kushinagar News: लेखपाल-कानूनगो की कमी से जूझ राजस्व विभाग, 126 पद रिक्त
Kushinagar News: कुशीनगर जिले के राजस्व विभाग में कर्मचारियों की कमी गंभीर समस्या बन गई है। वर्तमान में 102 लेखपाल और 24 कानूनगो के पद रिक्त हैं, जिससे कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। यह स्थिति ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण में भी बाधा डाल रही है।

Kushinagar News: कुशीनगर। कुशीनगर जिले में राजस्व विभाग के सामने कर्मचारियों की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है। जिले की कुल छह तहसीलों में लेखपाल और कानूनगो के कई पद लंबे समय से रिक्त हैं। वर्तमान में 102 लेखपाल और 24 कानूनगो के पद खाली हैं। कर्मचारियों की कमी के चलते कार्यरत लेखपालों और कानूनगो पर अतिरिक्त काम का बोझ बढ़ गया है। इसका असर राजस्व संबंधी कार्यों के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण पर भी पड़ रहा है।
जिलों की स्थिति
जिले में पडरौना, कसया, हाटा, कप्तानगंज, खड्डा और तमकुहीराज तहसील है। इन तहसीलों में 1659 राजस्व ग्राम तथा 459 राजस्व हलके हैं। लेखपालों के जिम्मे भूमि संबंधी मामलों के साथ आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों की रिपोर्ट, वरासत, पैमाइश, फसल सर्वेक्षण, आपदा से हुए नुकसान का आकलन समेत कई महत्वपूर्ण कार्य होते हैं।
कानूनगो के कार्य
वहीं कानूनगो स्तर पर लेखपालों के कार्यों के पर्यवेक्षण के अलावा राजस्व मामलों से जुड़े अन्य दायित्व निभाये जाते हैं। वहीं इतनी बढ़ी संख्या में पद रिक्त होने के कारण कई स्थानों पर एक लेखपाल को तीन से अधिक हलकों का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है। इससे मौके पर जांच, रिपोर्ट तैयार करने और ग्रामीणों की शिकायतों के निस्तारण में समय लग रहा है।
सरकार के सामने चुनौती
राजस्व विभाग के अधिकारियों के सामने भी कर्मचारियों की कमी के बीच लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने की चुनौती बनी हुई है। लेखपालों के पास पहले से ही कई हलकों का जिम्मा होने के कारण उन्हें अपने काम के लिए कई बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अतिरिक्त प्रभार को लेकर कई बार लेखपाल संघ द्वारा आंदोलन भी किया गया है।
लेखपाल संघ की स्थिति
लेखपाल संघ का कहना है कि अतरिक्त प्रभार होने से अपने हलका का कार्य बाधित होता है। वहीं राजस्व के अलावा अन्य कार्य में भी हम लोगों की तैनाती कर दी जाती है, जिससे शारीरिक और मानसिक तनाव बढ़ता है।

