भारी वाहनों का दबाव नहीं झेल सकी सर्विस लेन, धंसी सड़क
कुशीनगर में फाजिलनगर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए बनाई गई सर्विस लेन भारी वाहनों के दबाव से धंस गई है। सड़क पर बड़े गड्ढे और दरारें उभर आई हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विधायक ने तत्काल मरम्मत कराने की बात कही है।
कुशीनगर। फाजिलनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए बनाई गई सर्विस लेन भारी वाहनों के दबाव से जगह-जगह धंस गई है। सड़क के कई हिस्सों में बड़े गड्ढे और दरारें उभर आने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालत यह है कि सर्विस लेन से गुजरने वाले लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। वहीं, सड़क किनारे बने दुकानों और मकानों के मालिक भी भय के साये में जीवन यापन कर रहे हैं। ओवरब्रिज निर्माण के दौरान मुख्य मार्ग के यातायात को संचालित करने के लिए बनाई गई सर्विस लेन की गुणवत्ता शुरू से ही सवालों के घेरे में रही। बुधवार को मुख्य लेन बंद कर सर्विस लेन से भारी वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया। मात्र एक दिन में ही करीब एक माह पहले बनी यह सर्विस लेन ट्रकों और अन्य बड़े वाहनों के लगातार दबाव के कारण कई स्थानों पर धंसने लगी। कहीं सड़क किनारे की मिट्टी खिसक गई तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है。
व्यापार मंडल की चिंताएँ
व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरज वर्मा, महामंत्री व्यास सिंह, बजरंगी जायसवाल और दिनेश सिंह आदि ने बताया कि सड़क धंसने से होने वाला कंपन सीधे दुकानों और मकानों तक महसूस हो रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सबसे अधिक खतरा रात के समय बना रहता है, जब भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट सकते हैं। सर्विस लेन के दोनों तरफ रहने वाले दुकानदार और मकान मालिक दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
विधायक का बयान
क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सर्विस लेन धंसने की शिकायत मिली है। इस संबंध में एनएचआई अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल जांच और मरम्मत कराने की बात कही गई है। निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी कराई जाएगी।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


