डुप्लीकेट मतदाताओं की फीडिंग में शिथिलता पर दो एडीओ को नोटिस
Kushinagar News - कुशीनगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन में देरी के चलते प्रभारी जिला मजिस्ट्रेट व सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने स्पष्टीकरण मांगा है। नेबुआ नौरंगिया और खड्डा ब्लॉक में अपेक्षित संख्या में मतदाताओं का सत्यापन और फीडिंग नहीं की गई है, जिसके कारण स्थिति असंतोषजनक है।
कुशीनगर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के अन्तर्गत संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन व राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर शत प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित कराये जाने के संबंध में शिथिलता बरतने पर प्रभारी जिला मजिस्ट्रेट व सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने नेबुआ नौरंगिया और खड्डा ब्लॉक के एडीओ पंचायत से स्पष्टीकरण तलब किया है। एसडीएम ने पत्र के माध्यम से निर्देशित किया गया था कि बीएलओ द्वारा सत्यापित संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची प्राप्त कर राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर शत-प्रतिशत फीडिंग करायी जाए। इस संबंध में एसडीएम खड्डा द्वारा संबंधित अधिकारियों को बार-बार निर्देशित किये जाने के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं किया गया।
नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में कुल 76,133 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सापेक्ष मात्र 39,685 मतदाताओं का बीएलओ द्वारा सत्यापन कराया गया है और केवल 7,888 मतदाताओं की फीडिंग पूरा किया गया। इसी प्रकार खड्डा ब्लॉक में कुल 70,154 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सापेक्ष केवल 9,448 का सत्यापन व मात्र 3,910 मतदाताओं की फीडिंग पूरा किया गया, जबकि शत प्रतिशत फीडिंग का कार्य 20 फरवरी तक पूरा किया जाना अनिवार्य है। फीडिंग कार्य की धीमी प्रगति के कारण प्रदेश स्तर पर जिले की स्थिति असंतोषजनक बनी हुई है और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा भी असंतोष व्यक्त किया गया है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने की दशा में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


