
मेडिकल कॉलेज में ठंड से बचाव के इंतजाम नहीं, ठिठुर रहे मरीज
Kushinagar News - कुशीनगर के मेडिकल कॉलेज में शीतलहर के बीच ठंड से बचाव के कोई इंतजाम नहीं हैं। मरीजों के लिए न तो हीटर हैं और न ही अलाव जलाए जा रहे हैं। जनरल वार्ड में खिड़की का शीशा टूटा हुआ है, जिससे ठंडी हवा आ रही है। मरीजों को कंबल नहीं मिल रहे हैं और वे घर से लाए कंबल पर निर्भर हैं।
कुशीनगर। शीतलहर शुरू हो चुकी है, लेकिन जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में इससे बचाव का इंतजाम नहीं है। परिसर में न तो कहीं अलाव जल रहा है और न ही वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए हीटर अथवा ब्लोवर लगाया गया है। यहां तक कि जनरल वार्ड में खिड़की का शीशा टूटा हुआ है, जिससे होकर सर्द हवा मरीजों में कंपकपी उत्पन्न कर रही है। वार्ड में भर्ती कई मरीजों ने बताया कि कंबल भी नहीं मिला है। घर से कंबल लेकर आए हैं, जिसके सहारे ठंड से बचाव कर रहे हैं। दो दिन से घने कोहरे व ठंड की वजह से लोग परेशान रहे तो शुक्रवार से शीतलहर भी शुरू हो गई।

सुबह से ही सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। आकाश में बादल छाए रहे और सर्द हवा चलती रही, जिसके चलते ठंड का व्यापक असर रहा। कामकाजी लोगों की बात छोड़ दें तो बाकी लोग बहुत जरुरी न होने पर लोग घरों से बाहर भी नहीं निकले। इसके चलते सड़कों पर भी अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों की आवाजाही कम रही। कड़ाके की ठंड शुरू हे जाने के बावजूद जिले के मेडिकल कॉलेज में इससे बचाव का अभी कोई प्रबंध नहीं हो पाया है, जबकि यहां 2500-3000 मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए आते हैं, जिनमें ओपीडी के अलावा आपातकालीन व वार्ड में भर्ती मरीज भी होते हैं। फिर भी न तो परिसर में कहीं अलाव जल रहा है और न ही वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए ब्लोवर या हीटर का ही प्रबंध किया गया है। इसके अलावा जनरल वार्ड में खिड़की व रोशनदान का शीशा टूटा होने के कारण ठंडी हवा मरीजों को परेशान कर रही थी। वार्ड में भर्ती मरीजों का कहना था कि उन्हें कंबल नहीं मिला है। इसलिए घर से लाए कंबल के सहारे ठंड से बचाव कर रहे हैं। वहीं वार्ड में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों का कहना था कि बहुत से मरीज अस्पताल का कंबल इस्तेमाल नहीं करते। वे घर से लाया हुआ ही उपयोग में लाते हैं। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके शाही ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए पूरा प्रबंध किया जाएगा। अलाव जलाने का प्रबंध किया जा रहा है। इसके अलावा वार्डों में भर्ती मरीजों के लिए कुछ ऑयल हीटर और ब्लोवर की खरीदारी की जा रही है। जल्द ही लग जाएगा। कंबल और दवा भरपूर मात्रा में उपलब्ध है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




