Kushinagar News: मेडिकल कॉलेज नई बिल्डिंग में खामियों की होगी जांच, पीएसपी को भेजा पत्र
Kushinagar News: कुशीनगर के स्वशासी मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में निर्माण खामियों का पता चला है। भारी बारिश से इमरजेंसी वार्ड में पानी भर गया। 'हिन्दुस्तान' अखबार में प्रकाशित होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कार्यदायी संस्था पीएसपी को निरीक्षण करने के लिए कहा है। सभी खामियों को जल्द ठीक किया जाएगा ताकि मरीजों को असुविधा न हो।
Kushinagar News: कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। स्वशासी मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में सामने आई निर्माण संबंधी खामियों को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कार्यदायी संस्था पीएसपी को पत्र भेजकर तत्काल निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। पत्र के जवाब में कार्यदायी संस्था पीएसपी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के जिम्मेदारों ने जल्द निरीक्षण कर खामियों को दूर करने की बात कही है।रविवार की देर रात अचानक इमरजेंसी के अंदर दीवार के भीतर से पानी बाहर निकलने लगा। कुछ ही देर में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि इमरजेंसी वार्ड के ट्राइएज रूम तक पानी पहुंच गया।
इससे उपचार व्यवस्था प्रभावित होने लगी। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पानी को इमरजेंसी से बाहर निकालने और प्रभावित हिस्से को सुरक्षित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस समस्या को आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने 14 जुलाई को ‘मूसलाधार बारिश से फटी अंडरग्राउंड पाइप, इमरजेंसी में भरा पानी’ के शीर्षक खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। खबर छपने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता और सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार ने गंभीरता से लेते हुए कार्यदायी संस्था पीएसपी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को पत्र भेजा है। सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार का कहना है कि पीएसपी की तकनीकी टीम जल्द ही मेडिकल कॉलेज पहुंचकर नई बिल्डिंग का निरीक्षण करेगी। टीम उन सभी स्थानों का जायजा लेगी, जहां बारिश के दौरान छत से पानी टपकने, अंडरग्राउंड पाइपलाइन में लीकेज और अन्य निर्माण संबंधी खामियों की शिकायतें सामने आई हैं। नई बिल्डिंग अभी मेंटिनेंस अवधि में है। ऐसे में भवन में आने वाली किसी भी प्रकार की तकनीकी या निर्माण संबंधी खामी को दूर करने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था पीएसपी की है। निरीक्षण के बाद संस्था सभी कमियों को दुरुस्त कराएगी ताकि मरीजों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


