
जोगिया जनूबी पट्टी में लोकरंग महोत्सव 11 व 11 अप्रैल को
Kushinagar News - कुशीनगर के जोगिया जनूबी पट्टी में 11 और 12 अप्रैल को 19वें लोकरंग महोत्सव का आयोजन होगा। यह महोत्सव लोककला, लोकसंगीत, और लोकनृत्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू हुआ था। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से सांस्कृतिक टीमें भाग लेंगी और नाटकों का मंचन भी होगा।
कुशीनगर। निज संवाददाता फाजिलनगर क्षेत्र के जोगिया जनूबी पट्टी में पिछले 19 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे लोकरंग महोत्सव का आयोजन इस वर्ष 11 और 12 अप्रैल को किया जाएगा। सांस्कृतिक भड़ैती और फूहड़पन के विरुद्ध जन संस्कृतियों के संरक्षण व संवर्धन के उद्देश्य से शुरू हुआ यह महोत्सव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुका है। आयोजन समिति के अध्यक्ष साहित्यकार सुभाषचंद्र कुशवाहा ने बताया कि लोककला, लोकसंगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रंगमंच को मंच प्रदान करने वाले महोत्सव में इस बार त्रिपुरा, बुंदेलखंड, छत्तीसगढ़, चंपारण, वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों की लोक सांस्कृतिक टीमें प्रतिभाग करेंगी, जो अपनी-अपनी समृद्ध लोक परंपराओं की प्रस्तुति देंगी।
दो दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में पहले रात्रि कहानीबाज थियेटर सोसाइटी रायगढ़ द्वारा नाटक उल्लू पंचायत का मंचन होगा जबकि दूसरे दिन लोक संस्कृति के नायक बनाम वंचितों की संघर्ष गाथा पर गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें देश के नामी विद्वान अपने विचार रखेंगे। जबकि दूसरे रात्रि प्रेरणा कला समूह वाराणसी द्वारा नाटक अमानत का मंचन किया जायेगा। भित्ति चित्र, मंच सज्जा और कविता पोस्टर की तैयारी संभावना कला मंच गाजीपुर द्वारा किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियां आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा शुरू कर दिया गया है। इस वर्ष का आयोजन लोक संस्कृति के मर्मज्ञ तैयब हुसैन की स्मृति में समर्पित रहेगा। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और लोक संस्कृति के मूल स्वरूप को संरक्षित रखने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है, जिसमें स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




