Kushinagar News: सभी ब्लॉकों के चार ग्राम पंचायतों में शुरू होगा आरआरसी सेंटर
Kushinagar News: कुशीनगर में ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए चार-चार ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर खोले जाएंगे। डीपीआरओ ने तीन सितंबर से संचालन शुरू कराने का निर्देश दिया। केंद्र पर कचरे की नियमित सफाई, पुनर्चक्रण, और सुरक्षा उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

Kushinagar News: कुशीनगर। ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिले के सभी 14 ब्लॉकों के चार-चार ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर शुरू कराया जायेगा। डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने चयनित ग्राम पंचायतों में तीन सितंबर से संचालन शुरू कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने एडीओ पंचायत व खंड प्रेरक को स्वयं मौजूद रहकर व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं। डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी द्वारा दिये गये निर्देश के में प्रत्येक चयनित ग्राम पंचायत में घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों से नियमित रूप से कूड़ा उठाकर निर्धारित वाहन या ई-रिक्शा से आरआरसी सेंटर तक पहुंचाया जायेगा। इसके लिये कूड़ा संग्रहण वाहन का रूट चार्ट और समय-सारिणी भी तय करनी होगी।
सेंटर पर पहुंचने वाले कचरे को गीले और सूखे कूड़े को अलग किया जायेगा। केंद्र पर प्लास्टिक, लोहा, कांच और अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग-अलग सुरक्षित रखने की व्यवस्था होगी। सफाई कर्मियों और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को कूड़ा प्रबंधन के दौरान पीपीई किट, दस्ताने, मास्क और जूते उपलब्ध कराने के भी एडीओ पंचायतों को निर्देश दिये गये हैं।इसके साथ ही कूड़ा संग्रहण, उपयोगकर्ता शुल्क, प्राप्त सामग्री और उसके निस्तारण का नियमित अभिलेख रखने को कहा गया है। एकत्रित प्लास्टिक व अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का नियमानुसार निस्तारण या विक्रय कर उससे प्राप्त धनराशि का भी रिकॉर्ड रखा जायेगा। डीपीआरओ ने सभी चयनित पंचायतों में आरआरसी सेंटर और कूड़ा संग्रहण वाहनों की नियमित साफ-सफाई व रखरखाव कराने तथा फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिये है कि आरआरसी सेंटर किसी भी दशा में निष्क्रिय नहीं रहें।


