Kushinagar News: पहली बारिश में खुली विकास के दावों की पोल, जर्जर सड़क बनी लोगों की मुसीबत
Kushinagar News: कुशीनगर। नगर पंचायत सेवरही के ब्रह्मदेव गिरी स्वतंत्रता सेनानी नगर में पहली ही बारिश ने

Kushinagar News: कुशीनगर। नगर पंचायत सेवरही के ब्रह्मदेव गिरी स्वतंत्रता सेनानी नगर में पहली ही बारिश ने विकास के दावों की पोल खोल दी है। अनवर मियां के घर से बालिका विद्यालय होते हुए डॉ. एसपी गिरी के खेत तक जाने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव होने से स्थानीय लोगों, छात्र-छात्राओं और राहगीरों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। यह सड़क ब्लॉक रोड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क के कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही यह मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है।
इससे फिसलकर गिरने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या वर्षों पुरानी है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। वार्ड निवासी बृजेश जायसवाल, संतोष राय, घनश्याम गुप्ता, हिमांशु गिरी, आलोक गिरी सहित अन्य लोगों ने सड़क के उच्चीकरण, मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते काम नहीं हुआ तो पूरे बरसात में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। तमकुहीराज विधानसभा के सपा नेता मधुरश्याम राय ने सड़क की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि गड्ढा मुक्त सड़क का दावा सिर्फ चुनावी जुमला बनकर रह गया है। नीचे से ऊपर तक जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


