रबी की फसल के लिए जिले में पर्याप्त उर्वरक
Kushinagar News - कुशीनगर के जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका सिंह ने किसानों को रबी की फसलों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। जनपद में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का पर्याप्त भंडार है। उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। किसानों को शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

कुशीनगर। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका सिंह ने जनपद के किसानों को अवगत कराया है कि रबी की राई, सरसों एवं गेहूं के फसलों की बुआई एवं सिंचाई का कार्य प्रगति पर है। किसानों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जनपद में सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर यूरिया 17946 मीट्रिक टन उपलब्ध है। वहीं फास्फेटिक उर्वरकों में डीएपी 6554 मीट्रिक टन, एनपीके 6883 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 6837 मीट्रिक टन स्टॉक में मौजूद है। उर्वरक जनपद के थोक एवं फुटकर बी-पैक्स, पीसीएफ गोदामों सहित अधिकृत बिक्री केंद्रों पर निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के समस्त उर्वरक निरीक्षकों द्वारा नियमित रूप से आकस्मिक छापेमारी एवं निरीक्षण किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान बिक्री केंद्रों पर भौतिक स्टॉक एवं ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेताओं के विरुद्ध उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बताया कि किसानों की सुविधा के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। उर्वरकों की उपलब्धता अथवा क्रय में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान कंट्रोल रूम नंबर 8317015135 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने अपील किया है कि वह अपनी जोतबही के अनुसार संस्तुत मात्रा में उर्वरकों का क्रय एवं प्रयोग करें। इससे फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ मृदा स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




