
एसआईआर: एक सप्ताह में बंटे 15 लाख गणना पत्रक
Kushinagar News - कुशीनगर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की गति धीमी है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि दो दिन के भीतर सभी मतदाताओं को गणना पत्रक वितरित करें। एक सप्ताह में मात्र 15 लाख पत्रक बांटे गए हैं, जबकि जिले में 26 लाख 95 हजार 30 मतदाता हैं। प्रशासन ने गति बढ़ाने की आवश्यकता जताई है।
कुशीनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की रफ्तार जिले में अपेक्षानुसार तेज नहीं हो पा रही है। जिले में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की प्रक्रिया को गति देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित अधिकारियों व बीएलओ को दो दिनों के भीतर हर मतदाता तक गणना पत्रक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था, लेकिन हकीकत इससे काफी अलग नजर आ रही है। एक सप्ताह बीतने के बाद भी अब तक केवल लगभग 15 लाख गणना पत्रक ही वितरित किए जा सके हैं। जिले में कुल 26 लाख 95 हजार 30 मतदाता हैं। बड़ा लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी बीएलओ के कंधों पर है, जिन्हें घर-घर जाकर गणना पत्रक बांटने के साथ ही मतदाताओं को फार्म भरने की प्रक्रिया भी समझानी है।

अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करना और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना है, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े। अभियान की सुस्ती प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है। इसको लेकर डीएम ने दो दिन के भीतर वितरण कार्य पूरा करने का आदेश दिया था, लेकिन मौजूदा प्रगति लक्ष्यों से काफी पीछे है। संबंधित एसडीएम और तहसील स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के कार्यों की निगरानी बढ़ाएं और रोजाना समीक्षा करें। सूत्रों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में बीएलओ की कमी, कुछ में बड़े बूथ क्षेत्रों और कई जगहों पर कर्मचारियों की अनुपलब्धता की वजह से गति प्रभावित हो रही है। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अभियान को तेजी से आगे बढ़ाना अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ के पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करायें और गणना पत्रक भरकर वापस जमा करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची सटीक और त्रुटिरहित तैयार हो सके। प्रशासन को उम्मीद है कि शीघ्र ही अभियान में तेजी आएगी और शत-प्रतिशत वितरण का लक्ष्य समय रहते पूरा हो जायेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




