डीएम कुशीनगर ने जनपदवासियों से की स्वगणना की अपील
Kushinagar News - कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने नागरिकों से स्व गणना में भाग लेने की अपील की है। यह अभियान 7 मई से 21 मई तक चलेगा, जिसमें नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार एवं मकान संबंधी विवरण दर्ज कर सकते हैं। सही जानकारी से विकास की योजना बनाई जाएगी।

कुशीनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने जनपद के समस्त नागरिकों से स्व गणना किए जाने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि गृह मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से कराई जा रही जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें।
स्व-गणना की प्रक्रिया
डीएम ने बताया कि प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया बीते 7 मई से जारी है, जो आगामी 21 मई तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल एसई डॉट सेंसस डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर अपने परिवार एवं मकान संबंधी विवरण दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सही जानकारी, सही गणना और सही विकास के उद्देश्य से प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। जनगणना देश के विकास की मजबूत आधारशिला है तथा इसके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा तैयार की जाती है।
स्व-गणना पोर्टल
स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी भरने एवं सबमिट करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक एसईआईडी प्राप्त होगी। नागरिकों से अनुरोध है कि उस एसईआईडी को सुरक्षित रखें तथा गणनाकर्मी के भ्रमण के समय उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि इसके बाद घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) 22 मई से 20 जून तक किया जाएगा, जिसमें प्रगणक द्वारा क्षेत्र के प्रत्येक मकान का विवरण सत्यापित किया जाएगा।
जानकारी के बिंदु
जनगणना अधिनियम के अंतर्गत नागरिकों से परिवार एवं मकान संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी, जिनमें मकान संख्या एवं उपयोग, पेयजल, शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था, रसोई ईंधन एवं घरेलू सुविधाएं, परिवार के सदस्यों का विवरण, शिक्षा एवं सामाजिक जानकारी, घरेलू उपकरणों एवं वाहनों की उपलब्धता, परिवार द्वारा सर्वाधिक उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज आदि से संबंधित जानकारी शामिल है।
सही जानकारी का महत्व
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। यदि परिवार में चावल एवं गेहूं दोनों का उपयोग होता है तो उस अनाज का उल्लेख करें, जिसका उपयोग परिवार में सबसे अधिक मात्रा अथवा सबसे अधिक बार किया जाता है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


