पटहेरवा में डायवर्जन से फोरलेन बन रहा नया ब्लैक स्पॉट
Kushinagar News - कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरिया चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण अस्थायी डायवर्जन जानलेवा साबित हो रहा है। हाल के दिनों में कई दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें कई लोगों की जान गई है। पुलिस और कार्यदायी संस्था हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही हैं।

कुशीनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित पटहेरिया में बने डायवर्जन पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पटहेरिया में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के चलते अस्थायी डायवर्जन जानलेवा साबित हो रहा है। इससे फोरलेन पर पटहेरिया चौराहा ब्लैक स्पॉट बनने लगा है। फोरलेन के इस चौराहे पर पिछले कुछ दिनों में दर्जनों हादसे हुए हैं, जिसमें कइयों की जान जा चुकी है। पटहेरिया चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण के लिये पटहेरिया और रजवटिया के बीच कार्यदायी संस्था द्वारा डायवर्जन किया गया है। आवागमन के लिये एक लेन पर मिट्टी गिरा कर बंद कर अस्थाई डायवर्जन किया गया है। डायवर्जन होने के बाद से पटहेरिया चौराहे पर हादसों की संख्या में जबदरस्त इजाफा हुआ है।
इसको रोकने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा कोई उपाय नहीं किया जा रहा है जबकि पुलिस की नींदें छीन गयी हैं। पिछले 25 जनवरी को मक्का लेकर मेरठ जा रहा ट्रक पलटने से चालक मजीद व खलासी अफजल का पैर टूट गया। यही नहीं दोनों ट्रक के केबिन में बुरी तरह से दब गए थे, जिन्हें मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका था। 27 जनवरी हरियाणा से बिहार जा रहा मालवाहक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ कर अटक गया। इसमें चालक खलासी बाल बाल बच सके। उसी दिन रजवटिया निवासी बाइक सवार विशाल सिंह डायवर्जन पर ट्रक की ठोकर से गड्ढे में गिर कर घायल हो गया। 30 जनवरी को पटहेरिया चौराहे पर सड़क क्रॉस कर रहे दंपति श्रीकिशुन प्रसाद की ट्रक से कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई तथा पत्नी घायल हो गई। बीते 7 फरवरी को बिहार से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी बस डिवाइडर पर चढ़ कर अटक गई। इसमें यात्री बाल बाल बचे। उसी अटकी बस में दो बाइक पर सवार चौरा थाना क्षेत्र के आधा दर्जन लोग भिड़ कर चोटिल हो गए। 8 फरवरी को डायवर्जन के पास बंगाल से मछली लेकर जा रही डीसीएम पलटी गई। इसमें भी चालक व खलासी बाल बाल बचे। उसी दिन कसया निवासी प्रदीप शुक्ला की कार डायवर्जन के पास गड्ढे में गिरने से बाल बाल बची। 9 फरवरी को पटहेरिया डायवर्जन के पास ट्रक की ठोकर से बाइक सवार बभनौली निवासी मिंटू यादव ने बाइक से कूद कर अपनी जान बचाई। लगातार हो रही घटनाओं का संज्ञान लेकर रविवार को पुलिस ने जेसीबी लगाकर डायवर्जन के बने डिवाइडर को सहूलियत के लिये तोड़वाया था। इसके बावजूद हादसों पर विराम नहीं लग पा रहा है। इस तरह हाई-वे पर स्थित पटहेरिया चौराहा अब ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। इस संबंध में पटहेरवा एसओ धीरेन्द्र राय ने बताया कि एनएचआई के अधिकारियों से बात कर डायवर्जन के पास संकेतक व लाइट लगावाया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं पर विराम लगाया जा सके। वहीं एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर(गोरखपुर) ललित पाल ने बताया कि मामले को देखवा कर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


