होली : कानून व्यवस्था को छह जोनल व 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
Kushinagar News - कुशीनगर में 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में तैनात रहेंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखेंगे। कलेक्ट्रेट में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

कुशीनगर, वरिष्ठ संवाददाता। जनपद में होलिका दहन 2 मार्च एवं होली पर्व 4 मार्च, 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। त्योहार के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरतते हुए जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने दो सुपर जोनल, 6 जोनल तथा 38 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तहसील व पुलिस चौकीवार तैनाती की है। डीएम ने निर्देश दिया है कि 2 मार्च से 4 मार्च तक सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने चौकी एवं थाना क्षेत्र में तैनात रहेंगे तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों को सूचित करते रहेंगे। वर्तमान में धारा 163 लागू है, जिसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र कसया, हाटा एवं तमकुहीराज के लिए अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया है। सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र पडरौना, खड्डा एवं कप्तानगंज के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेम कुमार राय को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कसया, हाटा, तमकुहीराज, पडरौना, खड्डा एवं कप्तानगंज तहसीलों के उप जिलाधिकारियों को उनके-अपने क्षेत्र का जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में 38 अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनमें जनपद स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस चौकीवार, कस्बा चौकीवार एवं प्रमुख चौराहों पर नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त 2 जोनल एवं 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में भी रखे गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने तैनाती क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं भी कानून-व्यवस्था संबंधी विवाद उत्पन्न न हो। किसी भी प्रकार की शांति व्यवस्था में बाधा आने पर तत्काल पुलिस अधीक्षक एवं उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। संबंधित उप जिलाधिकारी एवं थाना प्रभारी से समन्वय बनाते हुए स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया है कि वे चौकी इंचार्ज, थानाध्यक्ष, पुलिस क्षेत्राधिकारी, उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका/नगर पंचायत), विद्युत विभाग एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर अपने पास अनिवार्य रूप से रखें। त्योहार सकुशल संपन्न होने के उपरांत ही संबंधित उप जिलाधिकारी को अवगत कराकर ड्यूटी स्थल छोड़ा जाएगा। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी को सूचना देनी होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी दिशा-निर्देश मार्गदर्शक स्वरूप हैं। मौके पर तैनात कार्यकारी मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी परिस्थितियों के अनुरूप विवेकपूर्ण ढंग से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्या का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 05564-240590 है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधन (सहकारिता) नीरज कुमार गौड़ तथा जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी को कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अपने स्टाफ सहित ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



