मुक्केबाज बाल खिलाड़ियों को सिखाई खेल की बारीकियां
Kushinagar News - कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय कोच सिकंदर पटेल ने कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर में बच्चों को पंचिंग बैग और ग्लब्स दिए। उन्होंने मुक्केबाजी की बारीकियां सिखाते हुए कहा कि गांवों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस सही मार्गदर्शन की जरूरत है। उन्होंने भविष्य में मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना साझा की।

कुशीनगर। भारतीय खेल प्राधिकरण के स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर काशीपुर उत्तराखंड में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय कोच व बरवा राजापाकड़ के जमुआन टोला निवासी सिकंदर पटेल कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर पहुंचकर बाल खिलाड़ियों को पंचिंग बैग व पंचिंग ग्लब्स प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को मुक्केबाजी की बारीकियां भी सिखाईं, जिससे बच्चों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ गया। कोच सिकंदर पटेल ने ग्रामीण क्षेत्र में मौजूद खेल प्रतिभाओं की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि गांवों में प्रतिभा की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन व प्रशिक्षण की है। यदि बच्चों को प्रारंभ से उचित संसाधन व अभ्यास का अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन व आत्मविश्वास ही किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी पूंजी होती है। मेहनत व धैर्य के साथ आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी ही अपनी अलग पहचान बनाते हैं। उन्होंने बरवा राजापाकड़ में मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की योजना भी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्र स्थापित होने से क्षेत्र के बच्चों को व्यवस्थित प्रशिक्षण मिलेगा व ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्राप्त होगा। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक नन्हे प्रसाद, ब्रजेश सिंह, अनीता कुशवाहा सहित छात्र सुमित सिंह, विकास चौहान, बंधन, अन्नू, नीतेश, आकाश, आदित्य आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


