हाटा क्षेत्र में अवैध पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटर की भरमार, जिम्मेदार मौन
Kushinagar News - कुशीनगर में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण अवैध अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर बढ़ते जा रहे हैं। हाटा तहसील में बिना रजिस्ट्रेशन और डिग्री के कई पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित हो रहे हैं,...

कुशीनगर। निज संवाददाता स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का रहमो कर बरकरार है। इसके चलते अवैध अस्पताल व अल्ट्रासाउंड सेंटर्स की बाढ़ सी आ गई है। हाटा तहसील क्षेत्र के हर गली-चौराहे पर अवैध धंधा बेरोकटोक फलफूल रहा है, बावजूद रोक लगाने वाले जिम्मेदार कुंडली मार कर बैठे हैं। बिना पंजीकरण के संचालित अवैध अस्पतालों में मरीजों की मौत के बाद भी जिम्मेदारों का कलेजा नहीं पसीजता है। बिना डिग्री व मान्यता के करीब एक दर्जन से ऊपर पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर हाटा कस्बे में संचालित हो रहे हैं। लेकिन इन पर विभाग की नजर नहीं पड़ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा के आस पास तथा नगर में खुलेआम अवैध जांच सेंटर बेधड़क संचालित हो रहे हैं।
इन जांच केंद्रों पर कोई प्रशिक्षित डॉक्टर व कर्मचारी नहीं रहता है। नहीं इन केंद्रों का कोई रजिस्ट्रेशन होता है। साठगांठ के चलते छापे की भनक लगते ही केंद्र बंद कर संचालक फरार हो जाते हैं। हाटा नगर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य के इर्द-गिर्द करीब एक दर्जन अवैध पैथालॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर बेधड़क संचालित भी हो रहे हैं। वहीं लगभग एक वर्ष पूर्व एसडीएम व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा पैथालॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच किया लेकिन कोई असर नहीं हुआ। अवैध पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड केंद्र वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। योगेश्वर सिंह, एसडीएम हाटा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




