हाटा सीएचसी को एफआरयू बनाने का रास्ता साफ
कुशीनगर, हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को फर्स्ट रेफरल यूनिट के रूप में विकसित किया जाएगा। विधायक मोहन वर्मा की पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क दुर्घटनाओं से निपटने के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण होगी। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में मदद करेगा।

कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) के रूप में विकसित किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा में हाटा विधायक मोहन वर्मा द्वारा मामला उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। महानिदेशक परिवार कल्याण ने सीएमओ को पत्र भेजकर एफआरयू के लिए निर्धारित मानकों को शीघ्र पूरा कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का महत्व
विधायक मोहन वर्मा ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कहा था कि हाटा नगर के बीचों-बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-28 गुजरता है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसके चलते सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी होती रहती हैं। दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को सबसे पहले हाटा सीएचसी लाया जाता है, लेकिन एफआरयू की सुविधा नहीं होने से गंभीर मरीजों को अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। सदन में मामला उठने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल शुरू कर दी है। महानिदेशक परिवार कल्याण की ओर से भेजे गए पत्र में एफआरयू के लिए आवश्यक संसाधनों और मानकों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। एफआरयू बनने के बाद हाटा सीएचसी में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। प्रसूता सेवाओं, गंभीर मरीजों के उपचार, दुर्घटना में घायल लोगों की देखभाल तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा
विधायक मोहन वर्मा ने इसे क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा हाटा सीएचसी का एफआरयू के रूप में विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


