कप्तानगंज में बदमाशों ने दो घरों पर की फायरिंग, दशहत
Kushinagar News - कप्तानगंज, हिन्दुस्तान संवाद। बाइक सवार मनबढ़ बदमाशों ने सोमवार को

कप्तानगंज, हिन्दुस्तान संवाद।बाइक सवार मनबढ़ बदमाशों ने सोमवार को देर रात उपनगर में वार्ड तीन के सभासद व एक सामाजिक कार्यकर्ता के दरवाजे चढ़की ताबड़तोड़ फायरिंग की। दो स्थानों पर हुई करीब चार राउंड फायरिंग की आवाज सुन कस्बे के लोग दहशत में आ गए। रात में पुलिस ने दोनों स्थानों पर पहुंच कर जांच की। कुल तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज किया है। रात में ही सीओ कसया कुंदन सिंह, कप्तानगंज थाने पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश के लिए छह टीमें गठित की गयी हैं। सीओ कसया बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार को पूरे दिन थाने पर जमे रहे।
चार टीमें सीसी कैमरे खंगाल रही हैं, जबकि दो टीमें संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।पुलिस के लिए घटना इसलिए भी चुनौती है कि कुछ माह पूर्व भी उपनगर में दो घरों पर फायरिंग की घटनाएं हुई थी। गैंगवार से जुड़े उस मामले में पुलिस ने गैंग सरगना सभासद संजय पटेल समेत 11 बदमाशों को जेल भेजा था। इसके बाद नया गैंग तो सक्रिय नहीं हो गया, इसे लेकर कस्बे के लोग चिंतित हैं। उपनगर के वार्ड नंबर तीन के सभासद मोहम्मद आरिफ पुत्र मुर्तजा का इसी वार्ड में सेंट जेवियर्स स्कूल के बगल में आवास है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश सभासद के दरवाजे पर रात्रि करीब 11:15 बजे पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग की। सभासद के मुताबिक बदमाशों ने दरवाजे पर पहुंचकर पहले उनके घर में मौजूद होने का टोह लिया, फिर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। घटना को अंजाम देकर बदमाश बाइक से फरार हो गए। सभासद मोहम्मद आरिफ ने बताया कि उस समय वह कप्तानगंज कस्बे के ही एक मैरिज हॉल में आयोजित समारोह में शिरकत कर रहे थे, वरना बदमाश उनकी जान ले सकते थे। इस घटना के कुछ ही मिनट बाद फायरिंग की दूसरी घटना वार्ड नंबर तीन निवासी विक्की मद्धेशिया पुत्र मनोज मद्धेशिया के आवास पर घटित हुई। बदमाशों ने यहां दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। घटना के वक्त विक्की मद्धेशिया भी अपने आवास पर मौजूद नहीं था। विक्की सामाजिक कार्यकर्ता हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। मौके से तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस टीमों ने सीसी फुटेज खंगाले। पुलिस इसके बाद सर गर्मी से बदमाशों की तलाशी में जुट गई। देर रात ही घटनास्थल का पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह ने भी निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।कोट- मामले में तीन अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छह पुलिस टीमें गठित की गयी हैं। कुछ टीमें सीसी कैमरे खंगाल रही हैं, जबकि अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।-कुंदन सिंह, सीओ कसया
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


