
ब्लैक स्पॉट के निकट वाले अस्पताल घायलों का करेंगे मुफ्त इलाज
Kushinagar News - कुशीनगर में सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों को अस्पताल में सात दिन तक मुफ्त इलाज मिलेगा। अस्पताल को डेढ़ लाख रुपये की सहायता मिलेगी। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले नेक व्यक्ति को 25 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। यह कदम दुर्घटनाओं में जान बचाने के लिए उठाया गया है।
कुशीनगर। ब्लैक स्पॉट के निकट सड़क हादसे में घायल होकर तड़प रहे व्यक्तियों का आस-पास के अस्पताल में सात दिन तक मुफ्त इलाज हो सकेगा। ऐसे अस्पताल को सरकार की तरफ से डेढ़ लाख रुपये मिलेंगे। यही नहीं, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले नेक व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि के तौर पर मिलेंगे। ऐसा इसलिए, ताकि घायल व्यक्तियों को जिंदगी बताई जा सके। दुनिया भर में सर्वाधिक मौतें सड़क हादसे में होती हैं। इसमें भी सबसे अधिक सड़क हादसे एनएच पर होते हैं। कुशीनगर जिले में भी हर दिन कहीं न कहीं सड़क हादसे में किसी न किसी की जान चली जाती है और उसका हंसता-खेलता परिवार तबाह हो जाता है।
अनेंक मामलों में लोग घायल व्यक्ति को चाहकर भी अस्पताल नहीं पहुंचाते, क्योंकि कानूनी लफड़े में पड़ने से बचते हैं। इसे देखते हुए सरकार की तरफ से कारगर कदम उठाया गया है, ताकि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जिंदगी बचाई जा सके। विभाग के मुताबिक कुशीनगर जिले में लगभग नौ ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं और इनके आस-पास करीब 20-25 अस्पताल हैं। सीएमओ की मानें तो सरकार ने ऐसे नियम बनाए हैं कि अब कहीं भी ब्लैक स्पॉट के आस-पास कोई हादसा होता है और उसमें कोई गंभीर रूप से घायल होता है तो निकट के अस्पताल में शुरुआती सात दिन तक उसका मुफ्त इलाज हो सकेगा। वह ऐसा अस्पताल होगा, जहां ट्रॉमा मैनेजमेंट जैसे सीपीआर की सुविधा, सर्जन, एनेस्थेटिस्ट, हड्डी रोग विशेषज्ञ आदि की समुचित व्यवस्था होगी। इन दिनों में इलाज पर डेढ़ लाख रुपये तक का खर्च सरकार उठाएगी। ऐसी स्थिति में अस्पताल की तरफ से इसकी सूचना पुलिस को देनी होगी, ताकि पुलिस विभाग की तरफ से सत्यापन हो सके। उसके बाद अस्पताल संचालक इसका विभाग में बिल प्रस्तुत करेंगे, जिसके सत्यापन के बाद सरकार की तरफ से अस्पताल के खाते में इस धनराशि का भुगतान कर दिया जाएगा। गुड सेमेरिटन को मिलेंगे 25 हजार रुपये सीएमओ ने बताया कि सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले नेक इंसान (गुड सेमेरिटन) को सरकार की तरफ से 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। उस व्यक्ति को घायल के बारे में संबंधित थाने पर सूचना देकर अस्पताल पहुंचा देना होगा। ताकि पुलिस वेरीफिकेशन हो सके। हालांकि, उस व्यक्ति से कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं होगी। मरीज की जिंदगी बच जाने पर उस व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र और 25 हजार रुपये पुरस्कार के तौर पर दिए जाएंगे। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों की जान बचाने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। ब्लैक स्पॉट के आस-पास संचालित होने वाले अस्पतालों में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का शुरुआती सात दिन तक मुफ्त इलाज हो सकेगा। इसके एवज में अस्पताल को डेढ़ लाख रुपये तक की मदद मिलेगी। इलाज में जो खर्च आएगा, उसका बिल प्रस्तुत करेंगे, जिसके सत्यापन के बाद सरकार की तरफ से यह धनराशि अस्पताल के खाते में भेज दी जाएगी। इसके अलावा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर जिंदगी बचान वाले नेक व्यक्ति को 25 हजार रुपये पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र परिवहन विभाग की तरफ से दिए जाएंगे। शुक्रवार को बैठक में यह निर्देश जारी कर दिया गया है। इसलिए लोग इस नेक कार्य में आगे आएं। डॉ. चंद्रप्रकाश, सीएमओ

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




