जंगल खिरकिया में मनबढ़ ने की तीन राउंड फायरिंग, युवक गंभीर
Kushinagar News - पडरौना के जंगल खिरकिया गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट में एक युवक विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलीबारी का यह मामला विवाद के दौरान हुआ, जब दिनेश यादव ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन राउंड...
पडरौना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जंगल खिरकिया के गांधी चौक पर दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान एक पक्ष के युवक ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से 3 राउंड फायरिंग की। जिसमें गोली लगने से एक युवक विकास यादव 28 गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली मारने के आरोपी दिनेश यादव और उसके भाई राहुल यादव समेत हिरासत में ले लिया है। विवाद मंगलवार को भोर में करीब 5 बजे के आसपास का बताया गया है।
किसी युवती के मामले में जंगल खिरकिया निवासी राहुल यादव व विकास यादव के बीच मारपीट हुई थी। राहुल ने अपने साथियों के साथ विकास की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के बाद विकास अपने घर पहुंचा और अपने घर व पट्टीदारी के लोगों को बताया। बदले की चाहत में वह राहुल के घर पहुंचे वहां मारपीट के दौरान राहुल के भाई दिनेश यादव ने अपने लाइसेंस रिवाल्वर से गोली मारी जिसमें निशाना चूक गया। दूसरी फायरिंग में बीच में ट्रक आ गया। बौखलाए दिनेश ने तीसरी बार विकास के कमर से सटाकर गोली मार दी। इस दौरान पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी का आलम था। घटनाक्रम के दौरान चौकी इंचार्ज रिजवान अंसारी मौजूद रहे। घटना के उपरांत मौके पर सीओ सदर व कोतवाल ने पहुंचकर जानकारी हासिल की। दिनेश यादव, राहुल यादव व एक अज्ञात को हिरासत में ले लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




