दूसरे को भुगतान करने पर प्रधान, सचिव और जेई समेत पांच पर केस
Kushinagar News - कुशीनगर के लक्ष्मीपुर मिश्र में विकास कार्यों के लिए सामान सप्लाई करने वाले ट्रेडर्स को कूटरचित तरीके से भुगतान न किए जाने के मामले में ग्राम प्रधान, सचिव, जेई और पूर्व सचिव समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।

कुशीनगर। ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए सामान सप्लाई करने वाले ट्रेडर्स की बजाय कूटरचित तरीके से दूसरे को भुगतान किए जाने के मामले में क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मिश्र के ग्राम प्रधान, सचिव, जेई और पूर्व सचिव समेत पांच लोगों के खिलाफ चौराखास थाने में जालसाजी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस द्वारा की गई है।फाजिलनगर कस्बे में ओम कोटेश्वरी ट्रेडर्स के नाम से गिट्टी बालू, सीमेंट आदि की दुकान चलाने वाली सुषमा मिश्रा के पति अविनाश मिश्रा ने न्यायालय में वाद दाखिल कर बताया था कि फाजिलनगर ब्लॉक के लक्ष्मीपुर मिश्र की ग्राम प्रधान सविता देवी ने मेरे ट्रेडर्स को स्टीमेट दिया था।
इस पर मेरे द्वारा सामान की सप्लाई की गई और मिस्त्री व लेबर देकर विभिन्न विकास कार्यों को कराया गया। इसमें कुल लगभग 13 लाख रुपये का खर्च आया। काम पूरा होने और उसका एमबी होने के बाद जब भुगतान के लिए ग्राम प्रधान और तत्कालीन सचिव उजाला मद्धेशिया से संपर्क किया गया तो उन लोगों द्वारा बार-बार आश्वासन देकर मुझे भेज दिया जाता था। बाद में लेबर और मिस्त्री का भुगतान उनके खाते में कर दिया गया। इसके बाद भी करीब 9.5 लाख के सामान का भुगतान नहीं किया गया। इस बीच उजाला मद्धेशिया का अन्य ब्लॉक में स्थानांतरण हो गया। उसके बाद वहां चार्ज लेने वाले सचिव जितेंद्र मिश्रा से भी बार-बार अपने भुगतान की मांग की गई, लेकिन सचिव, जेई चंद्रकेश्वर, प्रधान पति तेजप्रताप कुशवाहा अपने लाभ के लिए कुटरचित तरीके से उनके सामान का भुगतान दूसरे फर्म को कर दिया गया। वादी के मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने ग्राम प्रधान समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। एसओ दिनेश कुमार साहनी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


