पनीर, खोया और मिठाइयों में मिलावट बिगाड़ सकती है सेहत

Feb 28, 2026 09:39 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगर
share

Kushinagar News - कुशीनगर में होली के त्योहार के नजदीक खाद्य वस्तुओं में मिलावट बढ़ गई है। दूध, खोया और बेसन जैसी चीजों में हानिकारक रसायनों का प्रयोग किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के संदेह में नमकीन फैक्ट्री को सील कर दिया और बेसन व खोया नष्ट किया। लोगों को लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदारी करने की सलाह दी गई है।

पनीर, खोया और मिठाइयों में मिलावट बिगाड़ सकती है सेहत

कुशीनगर। होली नजदीक आते ही खाद्य वस्तुओं में मिलावट तेज हो गई है। दूध, खोया, बेसन और इनसे बनी मिठाइयों में हानिकारक वस्तुएं मिलाए जाने से सेहत के लिए खतरा उत्पन्न हो जाता जा रहा है। यही हाल पनीर का भी है। मुनाफाखोर अधिक फायदे के लालच में इसमें भी हानिकारक वस्तुएं मिला रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुकवार को छापे मारकर दो जगह से संदेह के आधार पर बेसन और खोया के नमूने लिए, जबकि कसया में संचालित नमकीन की एक फैक्ट्री को सील कर दिया। जानकारों की मानें तो होली के त्योहार के दौरान पनीर और खोया की भारी मांग को देखते हुए बाजार में मिलावटी सामान की आवक बढ़ गई है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, इन डेयरी उत्पादों में वजन बढ़ाने और रंग-रूप निखारने के लिए कई घातक रसायनों और अखाद्य वस्तुओं का प्रयोग किया जा रहा है। पनीर और खोया से बने उत्पादों का वजन एवं घनत्व बढ़ाने के लिए अक्सर स्टार्च, अरारोट या मैदे का उपयोग करते हैं। दूध की प्राकृतिक वसा निकालकर उसकी जगह सस्ते वनस्पति तेल या पाम ऑयल मिला देते हैं। पनीर और खोया को अधिक समय तक खराब होने से बचाने के लिए कभी-कभी अनधिकृत रसायनों का प्रयोग किया जाता है। इन उत्पादों को सफेद और झागदार दिखाने के लिए हानिकारक कृत्रिम पदार्थों की मिलावट की जाती है। ऐसी मिठाइयां सेहत के लिए बहुत हानिकारक होती हैं। इनके सेवन से पाचन संबंधी समस्याएं जैसे पेट दर्द और उल्टी हो सकती है। लंबे समय तक ऐसे मिलावटी पदार्थों का सेवन लिवर, किडनी और शरीर के अन्य अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। जिले के पडरौना, कसया, हाटा, कप्तानगंज, खड्डा, तमकुहीराज आदि तहसील क्षेत्रों में होली को देखते हुए इस तरह की मिलावटी मिठाइयों व खाद्य वस्तुओं की बिक्री से इन्कार नहीं किया जा सकता। ऐसी मिलावटी खाद्य वस्तुओं का सेवन सेहत बिगाड़ सकता है। अभी कुछ माह पहले पड़ोसी जनपद देवरिया में नकली पनीर की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था, जहां से नकली पनीर की आपूर्ति कुशीनगर जिले में भी हो रही थी। ----- खोया व बेसन नष्ट कराया, नमकीन की फैक्ट्री सील- सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय प्रदीप राय ने बताया कि होली में हानिकारक वस्तुओं से बनी मिठाइयां एवं खाद्य वस्तुएं न बिकने पाएं, इसके लिए लगातार दुकानों की जांच-पड़ताल की जा रही है। कसया में नमकीन की एक फैक्ट्री में मिलावट का संदेह होने पर उसके प्रोपाइटर को कई बार तलब किया गया, लेकिन वह नहीं आया। इसलिए उस फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। इसके अलावा कसया में अलग अलग दुकानों से सैंपल लेने के बाद 40 किलोग्राम खोया और करीब डेढ़ कुंतल बेसन नष्ट कराया गया। उन्होंने जनपद के लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान केवल लाइसेंस प्राप्त और विश्वसनीय दुकानों से ही डेयरी उत्पाद खरीदें। मिलावट का संदेह होने पर विभाग को सूचना दें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।