
खाते खुलवाने को खंड प्रेरक ने की धोखाधड़ी, होगी विभागीय कार्रवाई
Kushinagar News - कुशीनगर के विकास खंड पडरौना में इंडियन बैंक में खाता खुलवाने के नाम पर वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खंड प्रेरक अभिजीत राय पर आरोप है कि उन्होंने गांव के लोगों को धोखे से मनी म्यूल एकाउंट खुलवाने के लिए 500 रुपये का लालच दिया। साइबर सेल और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
कुशीनगर। विकास खंड पडरौना में खंड प्रेरक पर इंडियन बैंक में खाता खुलवाने के नाम पर लोगों से वित्तीय धोखाधड़ी किये जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर सेल की टीम जांच कर रही है और खंड प्रेरक की तलाश में जुटी हुई है। दूसरी ओर पंचायती राज विभाग ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचायती राज विभाग द्वारा विकास खंड पडरौना में अभिजित राय खण्ड प्रेरक के पद पर कार्यरत हैं। उनके द्वारा इंडियन बैंक पडरौना में वित्तीय धोखाधड़ी की गयी है। इस मामले में पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं विभागीय जांच भी शुरू हो गयी है।

जांच के बाबत सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने बैंक के शाखा प्रबंधक अमरनाथ तिवारी से वार्ता की। शाखा प्रबंधक द्वारा जानकारी दी गयी कि अभिजीत राय गांव के कुछ लोगों को बैंक बुलवाकर उनका मनी म्यूल एकाउण्ट खुलवाते थे तथा खाता खुलवाने के लिए 500 रुपये का लालच भी देते थे। जिस व्यक्ति का खाता खुलवाया जाता था, उसका एटीएम कार्ड अभिजित राय अपने पास रख लेते थे। इस संबंध में साइबर अपराध पुलिस टीम जांच करने आयी थी। इसके बाद सहायक पंचायत अधिकारी ने खंड प्रेरक अभिजीत राय से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया मगर नंबर बंद पाया गया। जांच में अब तक पाये गये तथ्यों एवं प्रकरण में खंड प्रेरक की संलिप्तता के संबंध में विभागीय कार्रवाई के लिए साइबर सेल से जानकारी मांगी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


