दस वर्षों से ध्वस्त नहर के टेल तक नहीं पहुंचा पानी
Kushinagar News - कुशीनगर के नरायनपुर गांव से लंगड़ी तक जाने वाले राजवाहा में पिछले 10 वर्षों से पानी नहीं पहुंच रहा है। लंगड़ी के पास पक्का टेल ध्वस्त हो गया है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर टेल के निर्माण की मांग की है।

कुशीनगर। हाटा तहसील क्षेत्र के नरायनपुर गांव से लंगड़ी तक जाने वाले नरायनपुर राजवाहा में सिंचाई के लिए टेल तक पानी एक दशक से नहीं पहुंच रहा है। कारण कि लंगड़ी गांव के पास बना पक्का टेल ध्वस्त हो गया है और विभागीय अधिकारी भी नजरंदाज किए हुए हैं। नरायनपुर राजवाहा नरायनपुर गांव के पास से निकलकर लंगड़ी गांव के पास से बहने वाली छोटी गंडक तक गया है। लंगड़ी गांव के पास नहर का पानी नदी में गिराने के लिए लाखों रुपये की लागत से शुरू में ही पक्का टेल सिंचाई विभाग ने बनवाया था, जो दस साल पहले ध्वस्त हो गया।
इससे बगल के गांव लंगड़ी, महमदा, सिकटिया, अथरहां आदि गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता है। टेल का नवनिर्माण कराने के लिए इन गांवों के जागरूक किसान राजेश राव, माधव राव, चुनमुन सिंह, राजगोविंद राव, रविन्द्र कुशवाहा, अनिरुद्ध सिंह, संजय कुशवाहा, प्रधान विजय कुशवाहा, जमुना सागर सिंह आदि ने विभाग के छोटे बड़े सभी अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अब तक टेल का निर्माण नहीं हो पाया। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर शीघ्र नहर पर टेल बनवाने की मांग की है, ताकि किसानों को हेड से टेल तक पानी मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


