अप्रैल में जून जैसी गर्मी, 40 फीसदी बढ़ गया लोड, बिजली उपभोक्ता परेशान
कुशीनगर में भीषण गर्मी के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। पिछले चार-पांच दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे बिजली की खपत 40% बढ़ गई है। फाल्ट और केबीसी केबल जलने के कारण बिजली कटौती जारी है, जिससे लोग परेशान हैं। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

कुशीनगर। भीषण गर्मी शुरू हो गई है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही जून के जैसी गर्मी पड़ने के कारण बिजली व्यवस्था भी लड़खड़ाने लगी है। बिजली निगम के जिम्मेदार भी मान रहे हैं कि इधर चार-पांच दिनों के भीतर 40 फीसदी लोड बढ़ गया है। नतीजतन फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है। शुक्रवार को पडरौना शहर के कई हिस्सों में केबीसी केबिल जल जाने एवं फाल्ट के चलते काफी देर तक बिजली आपूर्ति बाधित रहे। भीषण गर्मी में लोगों पसीने से तर-बतर रहे।पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही बेतहाशा गर्मी ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर रखा है।
बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक की हालत खराब है। क्योंकि गर्मी में बिजली आपूर्ति भी ठप हो जा रही है। जनपद मुख्यालय के पडरौना एवं रवींद्रनगर विद्युत उपकेंद्र के अलावा जिले भर के उपकेंद्रों से बिजली कटौती बढ़ गई है। सुबह हो या दोपहर, शाम हो या रात, बिजली कटौती का कोई निर्धारित समय नहीं है। ऐसी दशा में बिजली कटते ही गर्मी से लोगों की परेशानी शुरू हो जा रही है। बाहर बदन झुलसाती धूप और घर में उमस भरी गर्मी के कारण कहीं सुकून नहीं मिल रहा है। उन परिवारों में ज्यादा परेशानी हैं, जहां छोटे बच्चे या किसी बीमारी के मरीज हैं। दिन में तो किसी तरह समय गुजर भी जा रहा है, लेकिन रात में बिजली कट जाने पर लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है, जिसका असर अगले दिन की दिनचर्या पर पड़ रहा है। पडरौना के मनोज चौरसिया, सुहेल अहमद, मुस्लिम, हरिकेश, छावनी के रमेश कुमार, कृष्ण कुमार, मेल्हू सहित कई लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने से सभी लोग परेशान हैं। रात में बिजली कट जा रही है तो गर्मी और मच्छरों की वजह से सो नहीं पा रहे हैं। नतीजा अगले दिन भी कामकाज प्रभावित हो रहा है। गर्मी और पसीना के कारण त्वचा संबंधी बीमारियों के शुरू होने का खतरा है। जो लोग शुगर, ब्लडप्रेशर, हृदय रोग, सांस की बीमारी से पीड़ित हैं, उन्हें भी दिक्कतें हो रही हैं। शुक्रवार को पडरौना शहर के तिलक चौक पर केबीसी केबिल जल जाने के कारण ढाई घंटे से अधिक समय तक बिजली कटी रही। पूरी केबिल बदले जाने के बाद आपूर्ति शुरू हुई। इसी तरह शहर के बेलवा चुंगी, केवट टोली, छावनी सहित अन्य स्थानों पर भी फाल्ट व अन्य कारणों से बार-बार बिजली कटती रही।-----बिजली समस्या से बढ़ रहा आक्रोशभीषण गर्मी और दूसरी तरफ लचर बिजली व्यवस्था से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समय से बिजली न मिलने या समस्या निस्तारण न होने की वजह से उपभोक्ता उग्र होने लगे हैं। रामकोला थाना क्षेत्र के मांडेराय बिजलीघर की घटना इसकी बानगी है। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में बार-बार शिकायत के बावजूद केबिल न जोड़े जाने से उग्र लोगों ने बिजलीघर में तोड़फोड़ की थी। यहां तक कि जेई व एसएसओ की पिटाई कर दी थी।----कोट---चार-पांच दिनों में गर्मी अत्यधिक बढ़ गई है। पिछले साल की जून इतनी गर्मी अभी पड़ रही है। 40 फीसदी लोड बढ़ गया है। इसके चलते फाल्ट की समस्या बढ़ गई है। तिलक चौक सहित अनेंक स्थानों पर खराब हुई पूरी केबिल बदलनी पड़ी। भीषण गर्मी में बिजली की खपत बढ़ जाने के कारण परेशानी हो रही है। जहां भी फाल्ट हो रहा है, उसे तत्काल लाइनमैन भेजकर ठीक कराया जा रहा है।सुरेंद्र कुमार, एक्सईएन, विद्युत, पडरौना
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


