मेडिकल कॉलेज में खुलेंगी दो पुलिस चौकियां, चुस्त होगी सुरक्षा व्यवस्था
Kushinagar News - कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। रवींद्रनगर और हरका में पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी, जहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह कदम मरीजों और चिकित्सकीय स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया जा रहा है, क्योंकि यहां कई बार मार-पीट और चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

कुशीनगर। जिले के मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था और चुस्त होने जा रही है। रवींद्रनगर एवं हरका के मेडिकल कॉलेज में एक-एक पुलिस चौकियां स्थापित होंगी, जहां एक-एक सब इंसपेक्टर एवं चार-पांच की संख्या में कांस्टेबल की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। इससे मरीजों अथवा चिकित्सकीय स्टॉफ के साथ किसी प्रकार की मार-पीट अथवा अन्य कोई घटना नहीं हो पाएगी। जनपद मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज की स्थापना के समय से ही पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग चली आ रही है। क्योंकि यहां की इमरजेंसी में मरीजों या चिकित्सकीय स्टॉफ के साथ मारपीट की कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं। बच्चा चोरी से लेकर कई लोगों की साइकिल और बाइक चोरी हो चुकी है।
असामाजिक तत्वों का आना-जाना रहा है। यहां तक कि अस्पताल में दलालों का हमेशा जमावड़ा रहता है, जिससे दूरदराज से आने वाले भोले-भाले मरीज इनके झांसे में आकर रुपये गंवा बैठते हैं।यही नहीं, कई निजी अस्पतालों के बिचौलिए भी यहां सक्रिय रहते हैं, जो मरीजों को झांसे में लेकर ऐसे निजी अस्पतालों में चले जाते हैं, जहां न अच्छे डॉक्टर होते हैं और न चिकित्सकीय सुविधा। फिर भी एक बार मरीज के भर्ती हो जाने के बाद उनसे मोटी रकम वसूल ली जाती है। कई मरीजों की जान भी जा चुकी है। वैसे तो यहां मेडिकल कॉलेज में 36 सेवानिवृत्त सैनिक और 12 होमगार्ड्स शिफ्टवार तैनात रहते हैं, लेकिन उसके बावजूद घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया।ऐसी अनेंक समस्याओं से निजात दिलाने के लिए यहां के मेडिकल कॉलेज में पुलिस चौकी स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। दो कमरे की केविन बनी है, जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी कर सकें। हालांकि, वह जगह अभी पर्याप्त नहीं है और दूसरी जगह उसे स्थापित करने तथा प्रसाधन की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा हरका में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी जहां अध्ययन करते हैं, वहां भी पुलिस चौकी स्थापित होगी। ताकि वहां के छात्र-छात्राएं और फैकल्टीज भी सुरक्षित रहें।बोले एसपीसुरक्षा के लिहाज से यहां के मेडिकल कॉलेज में पुलिस चौकी स्थापित होने वाली है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की तरफ से जैसे ही पुलिस चौकी के लिए कमरे व प्रसाधन सहित पूरी व्यवस्था कर दी जाती है, वहां पुलिस चौकी खोल दी जाएगी। प्रत्येक शिफ्ट में एक सब इंस्पेक्टर और चार-पांच कांस्टेबल तैनात रहेंगे।- केशव कुमार, एसपीबोले प्राचार्यमेडिकल कॉलेज के रवींद्रनगर स्थित हॉस्पिटल और हरका के एकेडमिक ब्लॉक, दोनों जगह पुलिस चौकियां स्थापित होंगी। मेरे कार्यभार संभालने के पहले यहां केविन बनी है, लेकिन वह उपयुक्त स्थान पर और सुरक्षित नहीं है। ब्लड बैंक के पास खाली जगह पर स्थायी रूप से जगह चिह्नित की जा रही है, जहां से इमरजेंसी, ओपीडी बिल्डिंग और पोस्टमार्टम हाउस पर नजर रखी जा सकेगी।- डॉ. सुभाष गुप्ता, प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


