प्रचंड गर्मी में ओवरलोड हुआ बिजली विभाग, रोज फुंक रहे चार से पांच ट्रांसफार्मर
कुशीनगर में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। ट्रिपिंग और फाल्ट की शिकायतें बढ़ी हैं, जिससे दिन-रात बिजली कटने से लोग परेशान हैं। विद्युत विभाग के अनुसार, ट्रांसफार्मरों पर बढ़ता लोड उनके खराब होने का कारण बन रहा है, जिसके चलते सेम डे रिप्लेसमेंट की प्रक्रिया तेज की गई है।

कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। जिले में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली व्यवस्था पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर, पंखा और एयर कंडीशनर का उपयोग बढ़ने से बिजली की खपत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। बढ़ती मांग का असर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।
बिजली कटने की समस्याएँ
गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले के कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और फाल्ट की शिकायतें बढ़ी हैं। दिन और रात में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय बिजली कटने पर लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। लगातार बढ़ती उमस और तापमान के बीच बिजली आपूर्ति में व्यवधान लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों की मानें तो मई महीने से ही विद्युत भार में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। अतिरिक्त लोड का सबसे अधिक असर ट्रांसफार्मरों पर पड़ रहा है। अधिक क्षमता से बिजली आपूर्ति करने के कारण कई ट्रांसफार्मर गर्म होकर खराब हो रहे हैं। पडरौना स्थित विद्युत वर्कशॉप में इन दिनों प्रतिदिन औसतन चार से पांच जले हुए ट्रांसफार्मर पहुंच रहे हैं। इनमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के ट्रांसफार्मर शामिल हैं। पिछले दो महीनों में ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। बढ़ती समस्या को देखते हुए विभाग ने ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। विभाग का दावा है कि खराब ट्रांसफार्मर वर्कशॉप पहुंचने के बाद उसी दिन नया अथवा मरम्मत किया गया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया जा रहा है। सेम डे रिप्लेसमेंट व्यवस्था के तहत प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को लंबे समय तक परेशानी न उठानी पड़े।
ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएँ
-------कोट
गर्मी के मौसम में दोगुना बिजली की खपत बढ़ गई है। कुछ उपभोक्ता बिना लोड बढ़वाए ही एसी इत्यादि उपकरणों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर लोड काफी बढ़ गया है। यही वजह है कि इन दिनों ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें सर्वाधिक आ रही हैं। हालांकि, विभाग सेमडे रिप्लेसमेंट व्यवस्था के तहत जले हुए ट्रांसफार्मर को उसी दिन बदलकर दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाते हुए आपूर्ति बहाल करने में जुटा हुआ है।
-सुरेंद्र कुमार गौतम, एक्सईएन, विद्युत, पडरौना डिवीजन
नोट्स
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


