Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar NewsDM Orders Health Department to Verify Private Hospitals After Patient Deaths Due to Medical Negligence

डीएम की सख्ती के बाद निजी अस्पतालों के सत्यापन में जुटा महकमा

Kushinagar News - पडरौना में निजी अस्पतालों में चिकित्सकीय लापरवाही से मरीजों की मौतों के मामले में डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने स्वास्थ्य विभाग को सत्यापन करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों के...

Newswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगरThu, 4 Sep 2025 05:34 AM
share Share
Follow Us on
डीएम की सख्ती के बाद निजी अस्पतालों के सत्यापन में जुटा महकमा

पडरौना, निज संवाददाता। निजी अस्पतालों में चिकित्सकीय लापरवाही या गलतियों की वजह से मरीजों की आए दिन हो रही मौतों को डीएम के संज्ञान लेने और इस बारे में ठोस कदम उठाने के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सत्यापन शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम निजी अस्पतालों पर पहुंचकर उनके पंजीकरण और मानकों की जांच कर रही है। जिन अस्पतालों का पंजीकरण नहीं है, उन्हें तत्काल ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश दे रही है। बुधवार को डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फाजिलनगर एवं तमकुहीराज क्षेत्र में अस्पतालों का सत्यापन किया। पिछले दिनों कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक में डीएम के पूछने पर सीएमओ सहित वहां मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जनपद में पंजीकृत अस्पतालों के बारे में जानकारी नहीं दे पाए थे।

इसके बाद डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने नाराजगी जाहिर करते हुए दस दिनों के भीतर सभी वैध-अवैध अस्पतालों तथा पंजीकरण के लिए आवेदनों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उसके बाद से स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हुआ है और विभागीय अधिकारी तहसीलवार वैध व अवैध भ्रमण कर अस्पतालों का सत्यापन शुरू कर दिए हैं। सुकरौली सीएचसी सहित कहीं-कहीं पंजीकृत अस्पतालों की सूची लगाई गई है। डिप्टी सीएमओ एवं नोडल डॉ. आरके गुप्ता स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के साथ बुधवार को फाजिलनगर और तमकुहीराज क्षेत्र में रहे। उन्होंने बताया कि तहसीलवार वैध एवं वैध अस्पतालों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन पूरा होने पर जो अस्पताल पंजीकृत पाए जा रहे हैं, उनकी सूची अस्पताल परिसर में लगवाई जा रही है, जबकि जो अस्पताल पंजीकृत नहीं हैं उनसे ऑनलाइन आवेदन कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिन अस्पतालों का पंजीकरण अथवा नवीनीकरण प्रक्रिया है, उसे पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। 11 ब्लॉकों में महज 45 निजी अस्पताल वैध, चलते हैं सैकड़ों सुकरौली कस्बे में चार, हाटा में चार, फाजिलनगर में आठ, विशुनपुरा में दो, नेबुआ नौरंगिया में चार, तमकुहीराज में आठ, कप्तानगंज में पांच, सेवरही में दो, दुदही में एक, रामकोला में पांच, खड्डा में दो निजी अस्पताल पंजीकृत हैं।