सचिव पर आदेशों की अवहेलना का आरोप, प्रधान ने दी अनशन की चेतावनी
Kushinagar News - कुशीनगर के ग्राम पंचायत जोगिया सोमाली पट्टी में कार्यों के भुगतान को लेकर ग्राम प्रधान रमेश प्रसाद कन्नौजिया ने ग्राम विकास अधिकारी पर फर्जी भुगतान और 40 लाख रुपये के कार्यों का भुगतान रोकने का आरोप लगाया है। डीएम के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन प्रधान ने अनशन की चेतावनी दी है।

कुशीनगर। तमकुहीराज ब्लॉक के ग्राम पंचायत जोगिया सोमाली पट्टी में कार्यों के भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम प्रधान रमेश प्रसाद कन्नौजिया ने ग्राम विकास अधिकारी भरत प्रसाद पर मनमाने ढंग से डीएससी लगाकर फर्जी भुगतान करने और करीब 40 लाख रुपये के कराए गए कार्यों का भुगतान रोकने का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने इस मामले में डीडीओ को पत्र भेजकर सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है। डीपीआरओ कार्यालय में 19 जनवरी को ग्राम प्रधान और सचिव को अभिलेखों के साथ तलब कर दोनों पक्षों को सुना गया।
अभिलेखीय परीक्षण के बाद सभी कार्यों पर नियमानुसार भुगतान करने का निर्देश जारी किया गया था। बावजूद इसके अब तक भुगतान नहीं होने पर प्रधान ने 4 फरवरी को दुबार शिकायत दर्ज कराई और 9 फरवरी से अनशन की चेतावनी दी है। उधर 5 फरवरी को प्रधान ने डीएम महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष भी भुगतान नहीं होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिये। डीपीआरओ ने अपने पत्र में कहा है कि सचिव द्वारा उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा, जो पदीय दायित्वों की अवहेलना है। पत्र के साथ कार्यवृत्त की प्रति संलग्न कर विभागीय कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। मामले को लेकर प्रशासनिक हलकों में हलचल है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


