हाटा में सफाई कर्मचारी संघ चुनाव पर डीपीआरओ से शिकायत
Kushinagar News - कुशीनगर के हाटा ब्लॉक में सफाई कर्मचारी संघ के चुनाव को लेकर विवाद बढ़ गया है। अध्यक्ष बैजनाथ राव ने नामांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। कई प्रत्याशियों को नामांकन में शामिल नहीं होने दिया गया और बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि नामांकन कहीं और रुपये लेकर कराया जा रहा था।

कुशीनगर। हाटा ब्लॉक में सफाई कर्मचारी संघ ग्रामीण की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसको लेकर वर्तमान सफाई कर्मचारी संघ हाटा के अध्यक्ष बैजनाथ राव ने डीपीआरओ को शिकायती पत्र भेजकर नामांकन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। बैजनाथ राव ने पत्र में बताया कि जिला संगठन द्वारा 11 जनवरी को नामांकन की तिथि निर्धारित थी। तय समय पर कई प्रत्याशी सुबह 10 बजे से ही ब्लॉक परिसर में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में इंतजार करते रहे, लेकिन नामांकन कराने के लिए जिला संगठन का कोई भी चुनाव अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं हुआ।
शाम करीब 5 बजे तक प्रत्याशी इंतजार करते रहे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि नामांकन कहीं और स्थान पर रुपये लेकर कराया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। बैजनाथ राव का कहना है कि इस तरह की कार्यप्रणाली से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा को ठेस पहुंची है और कई योग्य प्रत्याशियों को नामांकन से वंचित किया गया है। उन्होंने डीपीआरओ से अनुरोध किया है कि पूरे मामले का संज्ञान लेकर सक्षम अधिकारियों की देखरेख में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराया जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


